o सप्ताहभर में दूसरी बड़ी घटना से लोगों में आक्रोश, सड़क हादसों से गौवंश को बचाने ठोस व्यवस्था की मांग
कांकेर। जिले मुख्यालय से सटा हुआ चारामा के समीप ग्राम कंडेल स्थित नेशनल हाईवे-30 पर सोमवार की मध्यरात्रि सड़क पर बैठे मवेशियों के झुंड को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में 8 मवेशी वाहन की चपेट में आ गए। जानकारी के अनुसार इनमें से 7 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मवेशी घायल है। घायल मवेशी का उपचार जारी बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन की मौजूदगी में मृत गौवंशों का अंतिम संस्कार कराया गया। हादसे के बाद क्षेत्र में मवेशियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। हाईवे पर आवारा एवं बेसहारा मवेशियों के बैठे रहने से इस तरह की दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
कुछ दिन पहले भी हुई थी बड़ी घटना
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व ही ग्राम लखनपुरी के कानापोड़ के पास हाईवे किनारे 15 मवेशियों की सड़क हादसे में मौत होने की जानकारी सामने आई थी। बताया जा रहा है कि उक्त मामले में पुलिस ने संबंधित वाहन की पहचान कर मामला दर्ज किया है। हालांकि मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जा रही है।
हर गांव और हर नागरिक तक पहुंचे सेवा और सुशासन का संदेश – मंत्री बघेल
सप्ताहभर में दो बड़ी घटनाओं से बढ़ी चिंता
कम समय के अंतराल में मवेशियों की बड़ी संख्या में मौत की दो घटनाएं सामने आने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि हाईवे पर मवेशियों की मौजूदगी को रोकने और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रखने के लिए प्रभावी व्यवस्था की आवश्यकता है। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के नेताओं ने घटनाओं पर चिंता जताते हुए मवेशियों को सड़क दुर्घटनाओं से बचाने के लिए प्रशासन से ठोस कार्ययोजना तैयार करने की मांग की है। संगठनों का कहना है कि हाईवे पर लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए संबंधित विभागों को समन्वय के साथ स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाने चाहिए। फिलहाल घायल मवेशी का उपचार जारी है। प्रशासन द्वारा मृत मवेशियों का अंतिम संस्कार कराए जाने की जानकारी है। हादसे के कारणों और संबंधित वाहन की पहचान को लेकर आधिकारिक स्तर पर जांच की जा रही है।
छत्तीसगढ़ के जंगलों में फिर दौड़ेंगे काले हिरण, भेजे जाएंगे 25 हिरण

