रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ने के बीच मौसम में एक बार फिर बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। बस्तर सहित कुछ क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई, जबकि रायपुर और आसपास के इलाकों में तेज धूप के कारण तापमान बढ़ा है। वातावरण में नमी बनी हुई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ हिस्सों में आज हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है। अगले दो दिनों तक बारिश का दौर कुछ इलाकों में जारी रह सकता है।
बीते 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। माना में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेण्ड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री रहा। रायपुर में दिन का तापमान करीब 33 डिग्री तक पहुंचने के कारण गर्मी महसूस हुई। मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय सिस्टम झारखंड की ओर बढ़ रहा है, जिसके चलते मंगलवार से बस्तर में भी बारिश की गतिविधि कम होने की संभावना है। फिलहाल खाड़ी में कोई स्पष्ट मौसम प्रणाली नहीं बनी है। गणेश पर्व के दौरान प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कम रहने का अनुमान है। रायपुर में आज बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले दिनों में वातावरण की नमी घटने से रात के तापमान में भी बदलाव महसूस होगा। राजस्थान में बारिश थमने के बाद 19 सितंबर के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी शुरू होने की संभावना है। हालांकि छत्तीसगढ़ में मानसून के अभी कुछ समय तक सक्रिय रहने का अनुमान है। प्रदेश में सामान्य तौर पर मानसून 30 सितंबर तक रहता है और इसके बाद अक्टूबर के पहले पखवाड़े तक इसकी विदाई हो जाती है। बारिश के आंकड़ों में दंतेवाड़ा के बड़े बचेली में सबसे अधिक 6 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। करतला, देवभोग, छाल और नया बाराद्वार में 3-3 सेंटीमीटर बारिश हुई। कवर्धा और कटेकल्याण में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं कशडोल, जगदलपुर, रायगढ़, सारागांव, पामगढ़, लालपुर थाना, मुंगेली, भैसमा, घरघोड़ा, बकावंड, खरसिया और बोड़ला में 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई।
