कोरबा। गणेश उत्सव के बीच एनएच अंबिकापुर-कटघोरा मार्ग पर चोटिया के पास उस समय लोगों में दहशत फैल गई, जब एक दंतैल हाथी सड़क पर आ पहुंचा। हाथी को देखते ही आसपास मौजूद कई लोग मोबाइल से उसका वीडियो बनाने लगे। कुछ लोग हाथी के काफी करीब तक पहुंच गए। लोगों की मौजूदगी से हाथी अचानक उनकी ओर दौड़ पड़ा, जिसके बाद वीडियो बना रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
हाथी के दौड़ते ही मोबाइल लेकर खड़े लोग अपनी जान बचाने के लिए तेजी से भागने लगे। कुछ ही देर में सड़क पर लोगों की भागदौड़ का नजारा दिखाई देने लगा। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में हाथी के पीछे लोगों के भागने और हाथी द्वारा लोगों को दौड़ाने का दृश्य नजर आ रहा है। वन्यजीव के इतने करीब जाकर वीडियो बनाना लोगों के लिए खतरनाक साबित हो सकता था।
