गणेशोत्सव को लेकर कोतवाली पुलिस ने गणेश समितियों के साथ की बैठक

Follow Us

*सुरक्षा, यातायात एवं शांति व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश*

जगदलपुर। आगामी गणेशोत्सव एवं गणेश प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना कोतवाली, जगदलपुर क्षेत्र अंतर्गत गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों एवं आयोजकों की बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक बस्तर शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता CSPजगदलपुर सुमित कुमार धोत्रे ने की। इस दौरान थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक लीलाधर राठौर सहित गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी एवं आयोजक उपस्थित रहे।

बैठक में गणेश पंडालों की सुरक्षा, विसर्जन कार्यक्रम, यातायात व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने समितियों को गणेशोत्सव के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समितियों को दिए निर्देश,पुलिस द्वारा गणेश समितियों को निम्न महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए—

  • गणेश पंडालों में CCTV कैमरे एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करें।
  • पंडालों में फायर सेफ्टी एवं विद्युत सुरक्षा के आवश्यक प्रबंध रखें।
  • गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए निर्धारित मार्ग, समय एवं स्थल का अनिवार्य रूप से पालन करें।
  • विसर्जन रैली के दौरान यातायात व्यवस्था एवं आमजन की सुविधा का विशेष ध्यान रखें।
  • ध्वनि विस्तारक यंत्र एवंDJ का संचालन प्रचलित नियमों, सक्षम प्राधिकारी के आदेशों तथा न्यायालय द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप करें।
  • अश्लील, आपत्तिजनक एवं फूहड़ गीतों का प्रयोग न करें।
  • विसर्जन रैली के दौरान हथियारों का प्रदर्शन, खतरनाक स्टंट एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों से पूरी तरह बचें।
  • भीड़ नियंत्रण एवं आपात स्थिति से निपटने के लिए समितियां पर्याप्त संख्या में जिम्मेदार स्वयंसेवकों की नियुक्ति करें।
  • गणेश पंडाल एवं विसर्जन मार्ग के आसपास स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन का विशेष ध्यान रखें।
  • किसी भी अप्रिय घटना, संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन का दिया आश्वासन
बैठक में गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों ने पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए गणेशोत्सव को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में मनाने का आश्वासन दिया। समितियों ने आयोजन एवं विसर्जन के दौरान पुलिस-प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान करने की बात कही।

बस्तर पुलिस ने आमजन एवं सभी गणेश उत्सव समितियों से अपील की है कि गणेशोत्सव को श्रद्धा, उत्साह एवं भाईचारे के साथ मनाएं। आयोजन के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्धारित नियमों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।