धमतरी। जिले में दवाइयों की गुणवत्ता और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मेडिकल स्टोर्स की जांच का अभियान जारी है। इसी कड़ी में राजस्व विभाग और खाद्य एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने छोटा चौक स्थित मां अंगारमोती मेडिकल स्टोर और श्रीसाईं मेडिकल स्टोर का अचानक निरीक्षण किया। जांच के दौरान दोनों दुकानों में बड़ी संख्या में एक्सपायरी डेट की दवाइयां मिलने पर प्रशासन ने तत्काल दोनों प्रतिष्ठानों का संचालन बंद करा दिया।
जांच टीम ने मेडिकल स्टोर्स में रखी दवाइयों और संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। एक्सपायरी दवाइयों की अधिक मात्रा पाए जाने को गंभीर अनियमितता मानते हुए कार्रवाई की गई। दोनों दुकानों के संचालकों को विभाग की ओर से जारी नोटिस का जवाब देने और मिली कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही विभाग से अनापत्ति प्रमाण-पत्र मिलने तक प्रतिष्ठानों को दोबारा संचालित नहीं करने के लिए कहा गया है। प्रशासन ने मेडिकल स्टोर्स संचालकों को निर्देशित किया है कि एक्सपायरी दवाइयों को निर्धारित नियमों के अनुसार अलग रखकर उनका निस्तारण किया जाए। ऐसी दवाइयों की बिक्री या मरीजों तक पहुंच स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती है। प्रशासन की ओर से दवाओं के भंडारण, बिक्री और अन्य नियमों के पालन को लेकर मेडिकल प्रतिष्ठानों की जांच आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मेडिकल स्टोर्स संचालकों से कहा कि एक्सपायरी दवाइयों को बिक्री योग्य दवाओं से अलग रखा जाए और भंडारण एवं बिक्री से संबंधित सभी नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान गंभीर खामियां सामने आने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
