रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय (महानदी भवन) में विभिन्न विभागों के भार साधक सचिवों के साथ बैठक कर योजनाओं और विभागीय कामकाज की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के मामलों को समय पर पूरा करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि संबंधित प्रकरणों का निपटारा कर्मचारी के रिटायर होने से पहले ही किया जाए और इसके लिए विभागवार नियमित सूची तैयार की जाए।
मुख्य सचिव ने विभागों में खाली पड़े पदों के साथ-साथ बैकलॉग पदों को भरने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके लिए आवश्यक सेटअप तैयार कर भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा गया। उन्होंने विभागीय योजनाओं की लगातार निगरानी करने और उनके क्रियान्वयन की स्थिति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। बैठक में लोक सेवा गारंटी, आरटीआई, सेवा सेतु, पीएम प्रगति, ई-प्रगति, डी-रेगुलेशन और ग्रामीण विकास से संबंधित योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत करीब 728 सेवाएं अधिसूचित की जा चुकी हैं।
अधिकारियों और कर्मचारियों को iGOT Karmayogi प्लेटफॉर्म के जरिए विभाग की जरूरत के मुताबिक प्रशिक्षण दिलाने की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। निर्देश दिया गया कि प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी को हर महीने 1 से 3 प्रशिक्षण पाठ्यक्रम पूरा करना होगा। इसके अलावा विभागों में किए गए प्रशासनिक सुधारों की जानकारी तैयार करने को कहा गया, जिसे आने वाले रिफॉर्म उत्सव अभियान में प्रदर्शित किया जाएगा। बैठक में मेरा युवा भारत (MY Bharat) पोर्टल पर 15 से 29 वर्ष की आयु के स्कूल और कॉलेज विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने के निर्देश भी दिए गए। जिला समन्वयकों और प्राचार्यों को मिलकर इस काम को पूरा करने के लिए कहा गया। बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन, गृह, नगरीय प्रशासन, महिला एवं बाल विकास, वित्त, खनिज, स्कूल शिक्षा, आईटी, पर्यटन, खाद्य, स्वास्थ्य, ऊर्जा, श्रम, परिवहन, राजस्व सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

