‘हनुमान अंश’ का बॉक्स ऑफिस पर जलवा बरकरार, 34वें दिन ‘टॉक्सिक’ को पछाड़ा

Follow Us

मुंबई। नीम करौली बाबा से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ रिलीज के पांच सप्ताह बाद भी सिनेमाघरों में मजबूत पकड़ बनाए हुए है। आमतौर पर पांचवें सप्ताह तक फिल्मों की कमाई काफी कम हो जाती है, लेकिन इस फिल्म का प्रदर्शन अब भी बेहतर बना हुआ है। रिलीज के 34वें दिन भी फिल्म ने 10 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया और कई फिल्मों के रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए।

फिल्म के शुरुआती दो सप्ताह भले ही अपेक्षाकृत धीमे रहे, लेकिन तीसरे सप्ताह से इसकी कमाई में तेजी देखने को मिली। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, पांचवें बुधवार यानी रिलीज के 34वें दिन फिल्म ने 10.25 करोड़ रुपये कमाए। इसके साथ ही यह पांचवें बुधवार को सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों में शामिल हो गई है। फिल्म ने ‘धुरंधर’ के पांचवें बुधवार के 4.75 करोड़ रुपये के कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया। 34वें दिन की कमाई के बाद ‘हनुमान अंश’ का भारत में नेट कलेक्शन बढ़कर 153.13 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि फिल्म का ग्रॉस कारोबार 180.73 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। लगातार हो रही कमाई के चलते फिल्म ने 2026 की सबसे सफल हिंदी फिल्मों की सूची में भी अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।

फिल्म ने 153.13 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन के साथ यश की ‘टॉक्सिक’ के हिंदी वर्जन को पीछे छोड़ दिया है, जिसने भारत में 143.63 करोड़ रुपये कमाए थे। इस प्रदर्शन के साथ ‘हनुमान अंश’ 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों में छठे स्थान पर पहुंच गई है। अब फिल्म की नजर ‘आवारापन 2’ के 156.02 करोड़ रुपये के कलेक्शन को पार कर टॉप-5 में जगह बनाने पर है। इसके लिए इसे करीब 3 करोड़ रुपये और कमाने होंगे। फिल्म की मौजूदा रफ्तार को देखते हुए इसके 200 करोड़ रुपये नेट कलेक्शन वाले क्लब में पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके बाद 250 करोड़ रुपये का आंकड़ा अगला लक्ष्य होगा। अब देखना होगा कि छठे सप्ताह में ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ कितनी मजबूत रख पाती है।