सामुदायिक पुलिसिंग के तहत प्रतियोगिता का आयोजन, विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार और टी-शर्ट देकर किया गया सम्मानित
कबीरधाम। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर कबीरधाम पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग की पहल के तहत ग्राम सिंगपुर में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया। 29 अगस्त को आयोजित इस प्रतियोगिता में क्षेत्र की 25 टीमों ने हिस्सा लिया। खेल के साथ पुलिस ने ग्रामीणों और युवाओं को साइबर अपराध तथा यातायात नियमों के प्रति भी जागरूक किया।पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन में हुए इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को खेलों से जोड़ना, उनमें अनुशासन और खेल भावना विकसित करना तथा पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद एवं विश्वास कायम करना रहा।
25 टीमों ने लिया हिस्सा
सिंगपुर में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ मुकाबले खेले। प्रतियोगिता के समापन पर बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों को नकद पुरस्कार देकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया गया।
प्रथम पुरस्कार: लिमहीपुर टीम – ₹5,000
द्वितीय पुरस्कार: मदनपुर टीम – ₹4,000
तृतीय पुरस्कार: सरईसेत टीम – ₹3,000
सांत्वना पुरस्कार: भेड़ागड़ टीम – ₹2,000
आदर्श टीम पुरस्कार: कुल्हीडोगरी टीम – ₹1,000
इसके अलावा क्षेत्र के अनुभवी और वरिष्ठ खिलाड़ियों को खेलों में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। खेल समिति और खिलाड़ियों को टी-शर्ट भी वितरित की गई।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से किया संवाद
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने खिलाड़ियों और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली। युवाओं को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में हिस्सा लेने, अनुशासन बनाए रखने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम में एसडीओपी अखिलेश कौशिक, थाना कुकदूर प्रभारी संतोष मिश्रा सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, खेल समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।
17 घंटे लेट हुई स्पाइसजेट फ्लाइट, अमृतसर एयरपोर्ट पर यात्रियों का फूटा गुस्सा
साइबर ठगी से बचने के बताए तरीके
खेल आयोजन के साथ पुलिस ने ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया। पुलिस ने समझाइश दी कि OTP, ATM PIN, CVV, बैंक पासवर्ड और UPI PIN किसी के साथ साझा न करें। अनजान लिंक, संदिग्ध QR कोड और अज्ञात APK फाइल डाउनलोड करने से बचने की सलाह दी गई।फर्जी नौकरी, लॉटरी, निवेश और ऑनलाइन खरीदारी के नाम पर होने वाली ठगी से सतर्क रहने के साथ साइबर फ्रॉड होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करने की अपील की गई।
यातायात नियमों के पालन का संदेश
पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी ग्रामीणों और खिलाड़ियों को जागरूक किया। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की समझाइश दी गई। नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और नाबालिगों को वाहन न देने की अपील भी की गई।कबीरधाम पुलिस के इस आयोजन ने खेल, जनसंवाद और जागरूकता को एक मंच पर लाकर ग्रामीण युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का संदेश दिया। अधिकारियों के मुताबिक सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच सहयोग एवं विश्वास मजबूत करने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
