रायपुर में अपराधियों पर चोरी, मारपीट, जुआ और चाकूबाजी के कई मामले दर्ज

Follow Us

० उरला में दुकान का ताला तोड़कर जेवर और मोबाइल चोरी, जुआरियों से 1.16 लाख रुपये से अधिक नकद जब्त

रायपुर । राजधानी रायपुर में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी, मारपीट, जुआ और अवैध हथियार रखने के मामलों में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उरला, टिकरापारा, सरस्वती नगर, राजेंद्र नगर, सिविल लाइन और कोतवाली थाना क्षेत्रों में कई प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

० उरला में दुकान का ताला तोड़कर चोरी
उरला थाना क्षेत्र के बेन्री रोड में अज्ञात चोर ने एक किराना दुकान में लगे शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोर ने दुकान की आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और तीन मोबाइल फोन चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 331(4) और 305 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

० टिकरापारा में गाली-गलौज के बाद मारपीट
टिकरापारा थाना क्षेत्र के संतोषी नगर चौक में अज्ञात लड़कों द्वारा एक व्यक्ति और उसके बेटे से गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने तथा हाथ-मुक्के एवं किसी नुकीली वस्तु से मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना में पीडि़त को चोटें आई हैं। पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

० बहन को गाली देने से रोकने पर युवक से मारपीट
उरला थाना क्षेत्र के शीतला तालाब के पास बीरगांव में एक युवक ने अपनी बहन को गाली-गलौज करने से आरोपी को रोकने की कोशिश की। इस पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने युवक से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा हाथ-मुक्के से मारपीट कर चोट पहुंचाई। मामले में बीएनएस की धारा 296, 351(2), 115(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

० बाइक अंदर करने की बात पर विवाद, अधेड़ से मारपीट
उरला के संतोष नगर बीरगांव में मोटरसाइकिल अंदर कर देने की बात को लेकर विवाद हो गया। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने प्रार्थी को कथित तौर पर गाली देते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के से मारपीट की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

० कुत्ते द्वारा गंदगी करने पर विवाद, लोहे की रॉड से हमला
सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के भवानी नगर कोटा में पालतू कुत्ते द्वारा घर के सामने गंदगी करने के बाद उसे साफ करने को कहने पर विवाद हो गया। आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए पीडि़त पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। पुलिस ने बीएनएस की धारा 296, 115(2), 118(1), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।

० राजेंद्र नगर में जुआ खेलते तीन गिरफ्तार, 1,600 रुपये जब्त
राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने पुरैना तालाब के पास जुआ खेलते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 52 ताश पत्ती और 1,600 रुपये नकद जब्त किए। मामले में जुआ एक्ट की धारा 3 एवं 2 के तहत कार्रवाई की गई।

० सिविल लाइन में जुआ फड़ पर कार्रवाई, 1.14 लाख रुपये बरामद
सिविल लाइन थाना पुलिस ने कटोरा तालाब स्थित इलेवन ग्राउंड में जुआ खेल रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार मौके से 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से 52 ताश पत्ती और 1,14,500 रुपये नकद बरामद किए गए। सभी के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

० कोतवाली में चाकू लेकर घूम रहा युवक गिरफ्तार
कोतवाली थाना पुलिस ने नगर निगम कार्यालय के पीछे गली में एक युवक को अवैध रूप से चाकू लेकर आम लोगों को आतंकित करते हुए पकड़ा। आरोपी की पहचान दानिश शहाबुद्दीन (25 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ आम्र्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत कार्रवाई की है। लगातार कार्रवाई से पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में असामाजिक गतिविधियों, जुआ, अवैध हथियार और आपराधिक घटनाओं पर निगरानी बढ़ाई जा रही है।