चंडीगढ़। पंजाब में सरकारी कर्मचारियों की महाहड़ताल के चलते आज सरकारी कामकाज प्रभावित रहने की संभावना है। कर्मचारी संगठनों के आह्वान पर बड़ी संख्या में सरकारी कर्मचारी सामूहिक अवकाश लेकर हड़ताल में शामिल हो रहे हैं। इसके कारण कई सरकारी दफ्तरों के अलावा अस्पतालों और डिस्पेंसरी की ओपीडी तथा शिक्षण संस्थानों में भी सेवाएं प्रभावित रहने की बात कही गई है। सांझा मुलाजिम मंच पंजाब की ओर से पहले सरकारी बसों के ड्राइवर और कंडक्टरों के भी हड़ताल में शामिल होने की घोषणा की गई थी। हालांकि, बुधवार को वित्त मंत्री के साथ हुई बैठक के बाद उन्होंने रक्षाबंधन का हवाला देते हुए हड़ताल से अलग रहने का फैसला किया। कर्मचारी संगठनों के अनुसार, राज्य में बड़ी संख्या में सरकारी कर्मचारी और पेंशनभोगी इस आंदोलन का समर्थन कर रहे हैं।
मोदी मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार में युवाओं और महिलाओं को बड़ी जिम्मेदारी मिलने की संभावना है
महाहड़ताल के बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान और कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच आज जालंधर में बैठक प्रस्तावित है। कर्मचारी नेताओं ने स्पष्ट किया है कि सरकार के साथ बातचीत के बावजूद उनका आंदोलन जारी रहेगा। अब बैठक में सरकार की ओर से कर्मचारियों की मांगों को लेकर क्या आश्वासन दिया जाता है, इस पर सभी की नजर रहेगी।
