रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून अभी सक्रिय है और कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी है। 26 अगस्त तक प्रदेश में 863.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जबकि सामान्य बारिश 882.4 मिमी मानी जाती है। इस तरह राज्य में बारिश की कमी अब करीब 2 प्रतिशत रह गई है। मौसम विभाग ने गुरुवार को रायगढ़, बिलासपुर, नारायणपुर, कांकेर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बलरामपुर, सूरजपुर, मनेंद्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरी और कोरिया में बारिश की संभावना जताई है। इन इलाकों में कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक वाली बौछारें पड़ने का अनुमान है। स्थानीय मौसम परिस्थितियों के कारण कुछ क्षेत्रों में बारिश की तीव्रता अलग-अलग रह सकती है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार यानी 28 अगस्त से मानसूनी गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। इसके बाद कई इलाकों में बारिश की रफ्तार और तीव्रता कम हो सकती है। फिलहाल सक्रिय सिस्टम के कारण प्रदेश में बारिश का दौर बना हुआ है।
अब तक हुई अच्छी बारिश से राज्य का कुल वर्षा आंकड़ा सामान्य के करीब पहुंच गया है। आने वाले दिनों में कुछ और बारिश होने पर प्रदेश में सामान्य वर्षा का आंकड़ा पूरा होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बारिश और गरज-चमक के दौरान लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
