नयी दिल्ली। वनडे विश्व कप जीतने और इंग्लैंड दौरे पर ऐतिहासिक सफलताएं हासिल करने के बाद भारतीय महिला टीम अगले कुछ हफ़्तों में दो बड़े टूर्नामेंटों की चुनौती का सामना करेगी। यूएई में एशिया कप और जापान में एशियाई खेलों से पहले कप्तान हरमनप्रीत कौर का मानना है कि हालिया उपलब्धियों ने टीम का आत्मविश्वास बढ़ाया है और खिलाड़ी एक बार फिर ख़िताब जीतकर अपनी सफलता की लय को आगे बढ़ाने के लिए उत्साहित हैं।
इन अहम प्रतियोगिताओं से पहले भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर को अपनी टीम की क्षमता पर पूरा भरोसा है। सोनी स्पोर्ट्स से बातचीत में उन्होंने कहा, पिछले चार-पांच साल हमारे लिए काफ़ी अच्छे रहे हैं। हमने बेहतरीन और दबदबे वाला क्रिकेट खेला है, बड़ी टीमों को हराया है और कई सीरीज़ भी जीते हैं।
पिछले साल महिला क्रिकेट विश्व कप जीतकर अपना पहला आईसीसी ख़िताब हासिल करने के अलावा भारत ने 2025 में इंग्लैंड में टी20 और वनडे सीरीज़ भी अपने नाम की थी।
जुलाई में टीम ने लॉर्ड्स में खेला गया पहला महिला टेस्ट जीतकर इतिहास भी रचा था। हरमनप्रीत को उम्मीद है कि टीम यूएई और जापान में भी इसी लय को बरकरार रखेगी। उन्होंने कहा, “बिलकुल, हमारी उम्मीद जीतने की ही है। हमारी टीम लगातार अच्छा क्रिकेट खेल रही है। हम लॉर्ड्स की जीत के बाद यहां पहुंचे हैं और लगातार कई मुक़ाबले भी जीते हैं।
Read more:- कोलंबो टेस्ट में ध्रुव जुरेल का धमाका, श्रीलंका में बनाया खास विदेशी रिकॉर्ड
टीम को सफलता का स्वाद मिल चुका है और अब वह और ज़्यादा उपलब्धियां हासिल करना चाहती है। हालांकि एशिया में भारत लंबे समय से सबसे मजबूत टीम रही है, लेकिन हाल के वर्षों में प्रतिस्पर्धा बढ़ी है। 2024 एशिया कप में श्रीलंका ने चामरी अथापथू की अगुआई में भारत को हराकर ख़िताब अपने नाम किया था। फिर भी हरमनप्रीत को विश्वास है कि भारतीय टीम इस बार ट्रॉफ़ी वापस जीत सकती है।
उन्होंने कहा, “हमारी टीम में हर खिलाड़ी मैच और टूर्नामेंट जीतने की बात करता है। जब टीम का माहौल ऐसा हो तो प्रेरणा अपने आप मिलती है और हर टूर्नामेंट खेलने का उत्साह बढ़ जाता है। यह टूर्नामेंट हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। हम एकजुट होकर खेलेंगे और एक बार फिर देश को गौरवान्वित करने की कोशिश करेंगे। एशिया कप में भारत अपना पहला मैच थाईलैंड के ख़िलाफ़ 30 अगस्त को खेलेगा।
इसके बाद उन्हें तीन अगस्त को हांगकांग और पांच सितंबर को पाकिस्तान के ख़िलाफ़ खेलना है। भारतीय महिला टीम ने हांगझोउ एशियाई खेलों में पहली बार हिस्सा लेते हुए स्वर्ण पदक जीता था। उस सफलता को दोहराने के लिए हरमनप्रीत बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, “जब बात पदक की होती है तो प्रेरणा और भी बढ़ जाती है। हम दिन-रात यही सोचते हैं कि पदक जीतने के बाद कैसा महसूस होगा और उसका जश्न कैसे मनाएंगे।
Read more:- बुमराह को अपदस्थ कर ‘नंबर वन’ बने ऑस्ट्रेलियाई तेज़ गेंदबाज़ मिशेल स्टार्क
पिछली बार हमने बेहद दबदबे वाला क्रिकेट खेला था और मुक़ाबले लगभग एकतरफ़ा रहे थे। इसलिए लोगों की उम्मीद होगी कि हम इस बार भी वैसा ही प्रदर्शन करें। मुझे यकीन है कि पूरा देश क्रिकेट से एक और स्वर्ण पदक की उम्मीद कर रहा है। दबाव ज़रूर रहेगा, लेकिन उससे ज्यादा ज़रूरी अपने काम पर ध्यान देना और उसे पूरा करना है।

