‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत दादर रोड से जलविहार तक हुआ वृक्षारोपण

Follow Us

कोरबा। पर्यावरण संरक्षण और हरित कोरबा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत दादर रोड से जलविहार तक वृक्षारोपण किया गया। पं. रविशंकर नगर जोन क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में निगम के अधिकारी-कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन और निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के निर्देशन में जिला प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा वन विभाग के सहयोग से 18 जुलाई से यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य शहर में हरियाली बढ़ाने के साथ लोगों को पौधरोपण और उनके संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।

दादर रोड-जलविहार मार्ग पर आयोजित कार्यक्रम में पार्षद अब्दुल रहमान, उद्यान अधीक्षक आनंद राठौर सहित निगम कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने पौधरोपण किया। इस दौरान सभी ने लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। नगर निगम की ओर से लोगों से भी अपील की गई कि वे पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाएं और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करें, ताकि शहर को हराभरा और स्वच्छ बनाया जा सके।