तेज बारिश के बाद जलभराव वाले इलाकों में उतरा निगम अमला, जेसीबी से कराई जल निकासी

Follow Us

कोरबा। सावन के अंतिम सोमवार को दोपहर बाद हुई तेज और लगातार बारिश के चलते शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई। जलजमाव की समस्या को देखते हुए नगर पालिक निगम कोरबा का अमला सभी सातों जोन में सक्रिय रहा और प्रभावित क्षेत्रों का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करते हुए पानी निकासी की व्यवस्था कराई। कोसाबाड़ी जोन के शांतिनगर, पोड़ीबहार के राठौर मोहल्ला, जिला अस्पताल के सामने सहित कई स्थानों पर बारिश का पानी जमा हो गया। निगम की टीम ने तत्काल जेसीबी की मदद से जल निकासी के रास्ते बनाए और कई जगहों पर जमा पानी को बाहर निकाला। इससे लोगों को जलभराव से राहत मिली।

महापौर संजूदेवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत और आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के निर्देश पर सभी सात जोन के जोन कमिश्नर अपने-अपने अमले के साथ लगातार फील्ड में मौजूद रहे। अधिकारियों ने बारिश के दौरान संवेदनशील स्थानों की स्थिति पर नजर रखी और जहां भी जलजमाव की सूचना मिली, वहां तत्काल टीम भेजकर आवश्यक कार्रवाई कराई।

नगर निगम ने बताया कि बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए मैदानी अमले को लगातार सक्रिय रखा गया है। प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति की निगरानी आगे भी जारी रहेगी, ताकि तेज बारिश के दौरान नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।