रायपुर। दुर्ग जिले में अफीम की अवैध खेती का मामला सामने आने के बाद अब बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र में भी अफीम की खेती पकड़ी गई है। इस मामले में मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा है कि सरकार नशे के सौदागरों और नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। दुर्ग के बाद बलरामपुर से भी अफीम की खेती की जानकारी मिली, जिसके बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा, प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। प्रदेश में कहीं भी इस तरह की गतिविधियों की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने लोगों से भी अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी क्षेत्र में इस प्रकार की अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो सरकार और प्रशासन को तुरंत सूचना दें, क्योंकि सामाजिक जागरूकता बेहद जरूरी है।
पहले आरोपी नहीं पकड़े जाते थे, अब लगातार कार्रवाई हो रही
राजेश अग्रवाल ने कहा कि पिछले दो वर्षों में गांजा तस्करी और अन्य नशे से जुड़े मामलों में लगातार कार्रवाई हुई है। पहले कई मामलों में आरोपी पकड़े नहीं जा पाते थे, लेकिन अब पुलिस और प्रशासन की सख्ती से लगातार बड़ी कार्रवाई हो रही है।उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य जल्द ही पूरे प्रदेश को नशा मुक्त बनाना है।
