महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का कलेक्ट्रेट घेराव, शक्कर-प्याज के दाम कम करने की मांग

Follow Us

रायपुर। रक्षाबंधन से पहले शक्कर, गुड़, तेल और प्याज सहित राशन सामग्री के दामों में बेतहाशा बढ़ोतरी के खिलाफ सोमवार को शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने कलेक्ट्रेट परिसर का घेराव किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कलेक्टर कार्यालय पहुंचे, जहां पहले से की गई बाड़ेबंदी और भारी पुलिस बल ने उन्हें मुख्य द्वार पर ही रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिस अधिकारियों से धक्का-मुक्की भी हुई। करीब 2 घंटे तक कांग्रेसियों ने केंद्र-राज्य सरकार और प्रधानमंत्री, वित्तमंत्री, मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।प्रदर्शन के बाद कांग्रेस ने जिलाधीश के नाम ज्ञापन जिला खाद्य अधिकारी भूपेंद्र मिश्रा को सौंपा और चेतावनी दी कि राशन दुकानों में चावल के साथ गेहूं, शक्कर, तेल, दाल उपलब्ध कराई जाए और जमाखोरी पर तत्काल नियंत्रण किया जाए।

10 दिन में शक्कर 10 रुपए महंगी, प्याज 25 से 45 रुपए पर

शहर अध्यक्ष मेनन ने कहा कि 10 दिन में शक्कर 7 से 10 रुपए महंगी हो गई है, प्याज 25 से बढ़कर 45 रुपए से ज्यादा हो गया है। दाल, तेल, गुड़ सबके दाम लगातार बढ़ रहे हैं। रक्षाबंधन से दिवाली तक त्योहारों के सीजन में यह बढ़ोतरी आम आदमी की कमर तोड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एथनॉल के नाम पर गन्ना खरीदी से शक्कर कारखानों में गन्ने की अनुपलब्धता बढ़ी है, जिसका अंदाजा केंद्र और राज्य सरकार समय रहते नहीं लगा सकी। अब स्थिति बिगड़ने पर ब्राजील- अर्जेंटीना से शक्कर आयात की बात हो रही है। पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने जमाखोरी और कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए कहा कि गोदामों में माल भरा है और सरकार सिर्फ चुनावी चंदा वसूली में लगी है। प्रदेश महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने इसे सरकार के अनुभवहीन मंत्रियों की विफलता बताया।