कलेक्टर ने गांवों में पहुंचकर परखी योजनाओं की हकीकत, आयुष्मान और डिजिटल गिरदावरी का लिया जायजा

Follow Us

सुकमा। जिला प्रशासन की योजनाओं का लाभ लोगों तक सही तरीके से पहुंच रहा है या नहीं, इसकी जमीनी स्थिति जानने कलेक्टर अमित कुमार ने छिंदगढ़ विकासखंड के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने पालेम, कावराकोपा, पेरमारास और टाहकवाड़ा पहुंचकर विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और ग्रामीणों को मिल रही सुविधाओं का निरीक्षण किया। पालेम पंचायत में आयोजित आयुष्मान कार्ड शिविर में कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों से पंजीयन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने स्वयं कंप्यूटर पर बैठकर हितग्राही देवे वेट्टी का विवरण दर्ज किया और फोटो भी लिया। कलेक्टर की इस पहल से ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में आयुष्मान योजना से जुड़ने की अपील की।

कावराकोपा में कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे यानी गिरदावरी कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए जियो-टैग्ड फोटो के माध्यम से खेतों में ही फसल का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने की व्यवस्था देखी। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित इस प्रक्रिया से पारदर्शिता बढ़ी है और गलत जानकारी दर्ज होने की संभावना कम हुई है। इसके बाद कलेक्टर ने एसडीएम छिंदगढ़ पी.वी. खेस की मौजूदगी में पेरमारास और टाहकवाड़ा में संचालित शिविरों की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सुकमा के दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा गांव-गांव मेगा आयुष्मान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। छिंदगढ़ विकासखंड के प्रत्येक गांव में शिविर लगाकर अधिक से अधिक पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने का अभियान चल रहा है। कलेक्टर की लगातार फील्ड मौजूदगी से प्रशासनिक अमले को भी सक्रियता के साथ काम करने की प्रेरणा मिल रही है और ग्रामीणों में शासन की योजनाओं के प्रति भरोसा बढ़ रहा है।