मुंबई। तापसी पन्नू अपनी आगामी फिल्म ‘गंधारी’ के साथ एक बार फिर दमदार अंदाज में पर्दे पर लौटने वाली हैं। देवाशीष मखीजा के निर्देशन में बनी यह हाई-वोल्टेज एक्शन, क्राइम और रिवेंज थ्रिलर सीधे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी। फिल्म की कहानी कनिका ढिल्लों ने लिखी है और इसका निर्माण उनके बैनर कथा पिक्चर्स के तहत किया गया है। ‘गंधारी’ का प्रीमियर 3 सितंबर 2026 को नेटफ्लिक्स पर होगा। फिल्म में तापसी पन्नू एक मां की भूमिका निभा रही हैं, जो अपनी बेटी की सुरक्षा के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। कहानी मां-बेटी के मजबूत रिश्ते और उसके लिए किए जाने वाले संघर्ष के इर्द-गिर्द घूमती है।
फिल्म में तापसी के साथ इश्वाक सिंह, स्वास्तिका मुखर्जी, छाया कदम, जतिन सरना और मीता वशिष्ठ भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। तापसी इस फिल्म में अपने अब तक के चुनौतीपूर्ण किरदारों में से एक निभाती दिखाई देंगी। ‘फिर आई हसीन दिलरुबा’ की सफलता के बाद तापसी और लेखिका-निर्माता कनिका ढिल्लों की जोड़ी एक बार फिर साथ आई है। कनिका ने फिल्म में मां के किरदार और उसके सफर को बेहद व्यक्तिगत और भावनात्मक कहानी के रूप में पेश किया है।
नेटफ्लिक्स के मुताबिक, फिल्म यह सवाल उठाती है कि अपने बच्चे की सुरक्षा के लिए एक मां आखिर कितनी दूर तक जा सकती है। अब ‘गंधारी’ में तापसी का नया एक्शन अवतार दर्शकों को कितना प्रभावित करता है, यह फिल्म की रिलीज के बाद ही पता चलेगा।
