मायाराम सुरजन सभागार में सजा संगीत का रंग, तीन पीढिय़ों ने दी सुरों की मनमोहक प्रस्तुति

Follow Us

रायपुर । नीरवंदन म्यूजिकल ग्रुप द्वारा मायाराम सुरजन सभागार में संगीत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में रायपुर के अलावा बिलासपुर, मल्हार, कोरबा और बलौदाबाजार से पहुंचे गायकों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रोताओं का दिल जीत लिया। कार्यक्रम के दौरान नए और पुराने करीब 50 गीत प्रस्तुत किए गए, जिन पर श्रोता अंत तक झूमते रहे।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध जसगीत गायक श्री दुकालू यादव की उपस्थिति रही। श्रोताओं की विशेष मांग पर उन्होंने अपनी प्रस्तुति देकर समारोह में लोकसंगीत का रंग भर दिया।

समारोह में एक अनूठा और यादगार क्षण उस समय देखने को मिला, जब एक ही परिवार की तीन पीढिय़ों ने मंच पर गायन प्रस्तुति दी। रायपुर निवासी कवि, साहित्यकार एवं समाजसेवी श्री छबिलाल सोनी अतिथि गायक के रूप में शामिल हुए। उनके साथ उनके पुत्र मुकेश सोनी और पोते अनिकेत सोनी ने भी अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजकों के अनुसार, किसी संगीत कार्यक्रम के मंच पर एक ही परिवार की तीन पीढिय़ों की यह प्रस्तुति संभवत: पहली बार देखने को मिली।

27 अगस्त को होगा पहला मंथन , छत्तीसगढ़ में यूसीसी पर राज्य सरकार ने बुलाई 200 दिग्गजों की बैठक

गु्रप की डायरेक्टर श्रीमती वंदना तिवारी एवं श्री नीरज पांडे ने बताया कि यह नीरवंदन म्यूजिकल ग्रुप का सातवां आयोजन था, जिसे श्रोताओं का भरपूर स्नेह मिला। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उपस्थित श्रोताओं एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूर्व आयोजनों की तरह इस बार भी नए गायकों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान किया गया।

आयोजकों ने बताया कि नीरवंदन म्यूजिकल ग्रुप का आगामी संगीत समारोह 18 सितंबर को मायाराम सुरजन सभागार में आयोजित किया जाएगा।
समारोह में वरिष्ठ समाजसेवी, साहित्यकार एवं कवि श्री लक्ष्मीनारायण लाहोटी, छत्तीसगढ़ी फिल्म कलाकार श्री गोल्डन साहू सहित शहर के विभिन्न म्यूजिकल ग्रुपों के संचालक एवं संगीतप्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने रायपुर में संगीत एवं गायन प्रतिभाओं को मंच देने की दिशा में एक और यादगार अध्याय जोड़ा।