शिक्षा व्यवस्था सुधारने प्रशासन की नई पहल, 178 अधिकारी पहुंचे स्कूलों में

Follow Us

जगदलपुर। बस्तर जिले में शासकीय स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम बेहतर करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने विशेष गुणवत्ता सुधार अभियान शुरू किया है। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश पर अधिकारियों को सीधे स्कूलों से जोड़ते हुए फील्ड निरीक्षण की व्यवस्था लागू की गई है। अभियान के तहत अगस्त माह के तीसरे शनिवार को जिले के 170 से अधिक शासकीय हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में प्रशासनिक अमले ने पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके लिए 178 अधिकारियों को अलग-अलग विद्यालयों का नोडल अधिकारी बनाया गया है।

निर्माणाधीन मकान से सेंटरिंग प्लेट चोरी का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने जगदलपुर, लोहंडीगुड़ा, तोकापाल, बास्तानार, दरभा, बस्तर और बकावण्ड विकासखंडों के विद्यालयों का दौरा किया। अधिकारियों ने स्कूलों में शिक्षकों और कर्मचारियों की उपस्थिति, पाठ्यक्रम की प्रगति, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति और शैक्षणिक रिकॉर्ड का निरीक्षण किया। साथ ही छात्रों से सीधे संवाद कर उन्हें आगामी बोर्ड और वार्षिक परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान प्रयोगशाला, पुस्तकालय और सह-शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन की भी समीक्षा की गई। जिला प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक माह के तीसरे शनिवार को यह निरीक्षण अभियान जारी रहेगा, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यालयों में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का माहौल तैयार किया जा सके।