बॉबी देओल की ‘बंदर’ की ओटीटी रिलीज डेट तय, 28 अगस्त से जी5 पर होगी स्ट्रीम

Follow Us

मुंबई। अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी बॉबी देओल की फिल्म ‘बंदर’ अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने के लिए तैयार है। जून 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म को सीमित स्क्रीन्स और अन्य फिल्मों से मुकाबले के चलते बॉक्स ऑफिस पर खास सफलता नहीं मिल पाई थी। फिल्म ने दुनियाभर में करीब 6.10 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। सिनेमाघरों में रिलीज के दो महीने से ज्यादा समय बाद अब ‘बंदर’ का डिजिटल प्रीमियर होने जा रहा है। जिन दर्शकों ने फिल्म को थिएटर में नहीं देखा, वे अब इसे घर बैठे देख सकेंगे। फिल्म 28 अगस्त 2026 को जी5 पर स्ट्रीम होगी।

‘बंदर’ की कहानी एक सुपरस्टार के इर्द-गिर्द घूमती है, जो दुष्कर्म के एक झूठे आरोप में फंस जाता है। इसके बाद उसकी जिंदगी पूरी तरह बदल जाती है और वह अपने ऊपर लगे आरोपों के बीच सच्चाई सामने लाने की कोशिश करता है। फिल्म वास्तविक घटना से प्रेरित बताई गई है। फिल्म के डिजिटल प्रीमियर की घोषणा करते हुए निर्माताओं ने भी कहानी से जुड़े सवाल को सामने रखा है कि किसी व्यक्ति पर आरोप लगने के बाद क्या उसका फैसला पहले ही तय हो जाता है। फिल्म में बॉबी देओल के साथ सान्या मल्होत्रा, सपना पब्बी और सबा आजाद भी अहम भूमिकाओं में नजर आती हैं।