4 किरदार, अनोखी वाइब और ढेरों सवाल, कुणाल खेमू की ‘वाइब’ का नया पोस्टर जारी

Follow Us

मुंबई। कुणाल खेमू की आगामी फिल्म ‘वाइब’ को लेकर दर्शकों का उत्साह बढ़ता जा रहा है। अमेजन एमजीएम स्टूडियोज ने फिल्म का नया पोस्टर जारी किया है, जिसमें चारों मुख्य किरदारों की अलग-अलग झलक देखने को मिल रही है। पोस्टर के साथ ही फिल्म के टीजर की रिलीज डेट भी सामने आ गई है। नए पोस्टर में प्रीति जिंटा एक दमदार बॉस-लेडी के अंदाज में नजर आ रही हैं। वहीं कुणाल खेमू, स्पर्श श्रीवास्तव और वंशिका धीर परेशान दिखाई दे रहे हैं। पोस्टर ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर यह चौकड़ी किस मुसीबत में फंसी है और उनके सामने आने वाली चुनौती कितनी बड़ी है।

फिल्म की कहानी दो जिगरी दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी सामान्य जिंदगी अचानक एक अनजान और हाई-एनर्जी एडवेंचर में बदल जाती है। इस सफर के दौरान उन्हें अपनी जान बचाने के साथ-साथ अपनी दोस्ती की भी परीक्षा देनी पड़ती है। कुणाल खेमू ने फिल्म की कहानी लिखने के साथ इसका निर्देशन भी किया है। फिल्म का निर्माण कुणाल खेमू और चिराग निहलानी ने ड्रोंगो फिल्म्स के बैनर तले किया है। फिल्म में कुणाल खेमू, प्रीति जिंटा, स्पर्श श्रीवास्तव और डेब्यू कर रहीं वंशिका धीर मुख्य भूमिकाओं में हैं।

फिल्म का टीजर 21 अगस्त को रिलीज किया जाएगा। वहीं ‘वाइब’ 18 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। अब टीजर के जरिए फिल्म की कहानी और किरदारों को लेकर कितनी नई जानकारी सामने आती है, यह देखना दिलचस्प होगा।