मुंबई। अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती इन दिनों रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स 2’ में नजर आ रही हैं। शो के पांचवें एपिसोड में उन्होंने अपनी निजी जिंदगी के मुश्किल दौर का जिक्र करते हुए बताया कि वह ‘गद्दार’ की भूमिका क्यों नहीं निभाना चाहतीं। श्वेता तिवारी के सवाल का जवाब देते हुए रिया ने कहा कि वह गद्दार नहीं बनना चाहतीं, क्योंकि उनकी जिंदगी में एक ऐसा दौर पहले ही आ चुका है, जब दुनिया उन्हें गद्दार मान चुकी थी। उन्होंने कहा कि यह फैसला उनके निजी अनुभवों से जुड़ा है और वह दोबारा उसी तरह की नकारात्मकता का सामना नहीं करना चाहतीं।
रिया ने बताया कि अगर वह शो में गद्दार की भूमिका निभाती हैं, तो उनके खिलाफ फिर से आपत्तिजनक टिप्पणियां, मजाक और मीम्स शुरू हो सकते हैं। उन्होंने अपने पुराने अनुभवों का जिक्र करते हुए कहा कि देश में उन्होंने सबसे ज्यादा ट्रोलिंग और आलोचना झेली है। अभिनेत्री ने शो के अन्य प्रतिभागियों को समझाने की कोशिश की कि वह गद्दार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उनकी जिंदगी में भी कुछ ऐसा ही हुआ, जब लोगों ने उन्हें गद्दार समझा, लेकिन बाद में जांच के दौरान उन्हें राहत मिली।
सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद वर्ष 2020 में रिया को जांच और कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ा था। उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था और काफी समय तक सार्वजनिक आलोचना का सामना करना पड़ा। बाद में मामले की जांच में उन्हें राहत मिली। शो की शुरुआत में मेजबान करण जौहर ने भी रिया से पूछा था कि वह बेकसूर की भूमिका निभाना चाहेंगी या गद्दार की। इस पर रिया ने बेकसूर की भूमिका चुनने की इच्छा जताई थी। उन्होंने कहा था कि वर्षों तक संदेह और आरोपों का सामना करना उनके लिए बेहद कठिन अनुभव रहा। फिलहाल ‘द ट्रेटर्स 2’ में रिया की मौजूदगी और उनके पुराने अनुभवों से जुड़े बयान लगातार चर्चा में हैं।
