जांजगीर-चांपा में दुकान में लगी भीषण आग, पुलिस ने 14 लोगों को सुरक्षित निकाला

Follow Us

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा में देर रात एक कपड़ा दुकान में भीषण आग लग गयी और पुलिस की तत्परता से पांच परिवारों के 14 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दमकल कर्मियों ने करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

पुलिस के अनुसार, अकलतरा थाना पुलिस का गश्ती दल देर रात अंबेडकर चौक स्थित सिसोदिया कॉम्प्लेक्स के पास पहुंचा था। इसी दौरान नीरज कलेक्शंस नामक कपड़ा दुकान से आग की लपटें और धुआं निकलता दिखाई दिया। दुकान के प्रथम तल पर परिवारों के रहने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया।

आग की तेज लपटों के कारण प्रथम तल से नीचे आने वाली सीढ़ियों से निकलना संभव नहीं था। इसके बाद पुलिस ने विद्युत विभाग से समन्वय कर वैकल्पिक सीढ़ी की व्यवस्था की और प्रथम तल पर फंसे पांच परिवारों के 14 सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। बचाए गए लोगों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं।


Read more:- मां ने गेम खेलने के लिए नहीं दिया मोबाइल फोन, 14 साल के बच्चे ने नाराज होकर की आत्महत्या


इस बीच आग लगातार फैल रही थी। पुलिस ने होमगार्ड जांजगीर और जेएसडब्ल्यू प्लांट की फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया। दमकल कर्मियों ने करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।

पुलिस ने बताया कि समय रहते बचाव और अग्निशमन कार्रवाई शुरू होने से आसपास की अन्य दुकानों तक आग फैलने से रोक ली गई और बड़ी जनहानि की आशंका टल गई।आग लगने के कारणों और इससे हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।