पश्चिम बर्द्धमान । एक लाख रुपये में दो माह के बच्चे को खरीदने के मामले सामने आने से आसनसोल में सनसनी फैल गई है। ई-मेल के जरिए मिली शिकायत के बाद आसनसोल उत्तर थाने की पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान उत्तर धादका इलाके में एक दंपती के कब्जे से दो माह 13 दिन के बच्चे को बरामद किया गया। मामले में दंपती समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार दंपती की पहचान विनोद कुमार गुप्ता (47) और बबीता गुप्ता (37) के रूप में हुई है। दोनों आसनसोल के उत्तर धाधका लाल बंगला इलाके के निवासी हैं।
बताया जा रहा है कि विनोद कुमार राज्य सरकार के राशन डीलर हैं। इनके अलावा धादका रोड निवासी अशोक भवालका को भी बिचौलिए के रूप में गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में दंपती ने बच्चे को अपना जैविक पुत्र बताया था। हालांकि, पुलिस की जांच आगे बढऩे पर बच्चे को बीरभूम के सिउड़ी स्थित एक निजी नर्सिंग होम से एक लाख रुपये के बदले हासिल किए जाने की बात सामने आई। पुलिस को आशंका है कि बच्चे को दंपती तक पहुंचाने में एक से अधिक बिचौलियों की भूमिका हो सकती है।
Read more:- वंदे मातरम् पर कांग्रेस का फैसला देश विरोधी और कानून की खुली अवेहलना : शाह
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बच्चे को गोद लेने के दौरान निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन किया गया था या नहीं। साथ ही, बच्चे की पहचान और जन्म संबंधी दस्तावेजों में किसी प्रकार की कथित हेराफेरी हुई है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और जुवेनाइल जस्टिस (केयर एंड प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रेन) एक्ट, 2015 की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
सिउड़ी के निजी नर्सिंग होम और वहां कथित तौर पर इस व्यवस्था से जुड़े लोगों की भूमिका भी पुलिस की जांच के दायरे में है। बरामद बच्चे को निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (सीडब्ल्यूसी) के चेयरमैन के समक्ष भेज दिया गया है। संबंधित प्राधिकरण बच्चे की सुरक्षा, देखभाल और संरक्षण की व्यवस्था करेगा।
Read more:- दिल्ली बन गयी अपराधों की राजधानी : आप
पुलिस अब बच्चे की वास्तविक पहचान, उसके जैविक माता-पिता, जन्म प्रमाणपत्र की प्रामाणिकता और कथित एक लाख रुपये के लेनदेन की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में और कितने लोग या कथित बिचौलिए शामिल हैं। डीसीपी सेंट्रल ध्रुव दास के अनुसार, आसनसोल उत्तर थाना पुलिस गिरफ्तार तीनों आरोपितों को गुरुवार को आसनसोल अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत की मांग करेगी।
