Sarvamangala Temple में 121 पार्थिव शिवलिंगों का सामूहिक रुद्राभिषेक, भक्तिमय हुआ मंदिर परिसर

Follow Us

कोरबा। हसदेव तट पर स्थित मां सर्वमंगला मंदिर, दुरपा परिसर में नम: आयोजन समिति के तत्वावधान में पावन श्रावण माह में लगातार दूसरे वर्ष 121 पार्थिव शिवलिंगों का नि:शुल्क सामूहिक महारुद्राभिषेक श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तों ने विधि-विधान से भगवान शिव का अभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर के राजपुरोहित नमन पांडे ने बताया कि नम: आयोजन समिति द्वारा लगातार दूसरे वर्ष यह आयोजन किया गया। समिति का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सामूहिक रूप से भगवान शिव की आराधना और महारुद्राभिषेक का अवसर उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से 121 पार्थिव शिवलिंगों की स्थापना कर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन और महारुद्राभिषेक कराया गया।


Read more :- Bilaspur Police की कार्रवाई का त्वरित परिणाम, नशे के कारोबार में 3 आरोपियों को 15-15 साल की सजा


अभिषेक के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने जल, दूध और विभिन्न पूजन सामग्रियों से भगवान शिव का अभिषेक किया। वैदिक मंत्रों के उच्चारण और भगवान शिव के जयकारों से पूरा परिसर शिवमय नजर आया। आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई थीं। नमन पांडे ने कहा कि पार्थिव शिवलिंग पूजन और महारुद्राभिषेक की परंपरा में आस्था रखने वाले भक्तों के लिए यह आयोजन विशेष महत्व रखता है। सामूहिक आयोजन के माध्यम से अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को धार्मिक अनुष्ठान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजन की सफलता में समिति के सदस्यों और सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।