कोलकाता। बीरभूम जिले के तारापीठ स्थित एक होटल में भीषण अगलगी की घटना में 9 लोगों की मौत के अभी 48 घंटे भी नहीं हुए कि, महानगर के फ्री स्कूल स्ट्रीट स्थित एक होटल ‘शिखा इन’ में भीषण अगलगी की घटना में फिर 9 लोगों की मौत हो गई। घटना मंगलवार देर रात करीब 2 की है। देखते ही देखते आग तेजी से फैली और धुएं से दम घुटने के कारण एक बच्चा और महिला समेत 9 लोगों की मौत हो गई। राहत-बचाव टीम ने 60 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। शुरुआती जांच में आग की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों, दमकल व पुलिस सूत्रों के अनुसार कोलकाता के व्यस्ततम न्यू मार्केट इलाके में स्थित एक होटल में देर रात आग लगने से भारी अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, रात लगभग 2 बजे से ठीक पहले होटल की तीसरी मंजिल पर अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते धुएं के काले गुबार ने पूरे होटल को अपनी चपेट में ले लिया। कमरों में धुआं भरते ही वहां ठहरे पर्यटकों और मेहमानों में चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए बदहवास होकर बाहर की तरफ भागने लगे। दमकल विभाग को तड़के 2 बजकर 7 मिनट पर आग लगने की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाडिय़ां, न्यू मार्केट थाने की पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं।
Read more:- पाकिस्तानी मौलवी का दावा, लश्कर-ए-तैयबा के प्रमुख हाफिज सईद ने 10,000 आतंकियों को भेजा था जम्मू-कश्मीर
दमकलकर्मियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए शुरुआत में बाहर से पाइप की मदद से पानी की बौछार कर आग को काबू में किया। इसके बाद वे ऑक्सीजन मास्क पहनकर होटल के भीतर दाखिल हुए और फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। दमकल विभाग के प्राथमिक आकलन के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। हालांकि, दमकल अधिकारियों का कहना है कि आग के सटीक और वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल पाएगा। घटनास्थल पर जल्द ही फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम पहुंचेगी और साक्ष्य जुटाएगी।
न्यू मार्केट की इस घटना ने राज्य में हाल ही में हुए बड़े होटल हादसों की खौफनाक यादों को एक बार फिर ताजा कर दिया है। इसी माह 17 तारीख की तड़के बीरभूम जिले के तारापीठ में होटल ‘विदेशिनी’ में भीषण आग लगी थी, जिसमें 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने लापरवाही के आरोप में होटल मालिक प्रवीर पाल और उसके बेटे कल्याण आशीष पाल को गिरफ्तार किया है।
उपरोक्त न्यू मार्केट अग्निकांड में बिना लाइसेंस और अवैध कनेक्शन की बात आई सामने। आईपीएस शैलजा दास के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है।होटल मालिक और प्रबंधन के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। अब जांच का अहम सवाल यही है कि यदि सुरक्षा मानकों में इतनी गंभीर खामियां थीं, तो होटल इतने लंबे समय तक कैसे संचालित होता रहा और संबंधित विभागों की निगरानी कहां थी? इन सवालों के जवाब जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होंगे। दर्दनाक अग्निकांड में जनहानि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। प्रधानमंत्री कार्यालय के आधिकारिक एक्स हैंडल से जारी संदेश में प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कोलकाता/पश्चिम बंगाल में अग्निकांड में हुई जानमाल की हानि की खबर से वह अत्यंत व्यथित हैं। उन्होंने उन परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताई, जिन्होंने इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोया है। प्रधानमंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हुए कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहा है।
Read more:- प्रधानमंत्री ने कोलकाता अग्निकांड में हुई जानमाल की हानि पर दुख व्यक्त किया
कोलकाता की इस घटना ने लगभग एक साल पहले मध्य कोलकाता के मछुआ फलपट्टी इलाके में स्थित होटल में हुए उस भयावह अग्निकांड की याद भी ताजा कर दी, जिसमें 14 लोगों की जान चली गई थी। जबकि मछुआ की घटना से लगभग एक सप्ताह पहले ही बड़ा बाजार के पथुरियाघाटा स्ट्रीट स्थित एक व्यावसायिक इमारत में लगी अगलगी की घटना में दो लोगों की मौत हो गई थी।
