दुर्ग। भिलाई टाइम्स न्यूज के इंस्टाग्राम पेज पर लगातार फर्जी कॉपीराइट स्ट्राइक भेजकर पेज बंद कराने की धमकी देते हुए 10 हजार रुपये की अवैध वसूली का प्रयास करने वाले आरोपी को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त iPhone 16 मोबाइल फोन जब्त किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी यशवंत साहू भिलाई टाइम्स न्यूज नाम से न्यूज चैनल संचालित करते हैं। उनके इंस्टाग्राम पेज पर करीब 32 हजार फॉलोवर्स हैं। 25 जुलाई 2026 की रात से 26 जुलाई की रात के बीच उनके इंस्टाग्राम पेज पर लगातार फर्जी कॉपीराइट स्ट्राइक प्राप्त हुईं। इससे पेज डिलीट होने की आशंका उत्पन्न हो गई। प्रार्थी ने संबंधित व्यक्ति से ई-मेल एवं व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क किया तो कॉपीराइट स्ट्राइक हटाने के नाम पर 10 हजार रुपये की मांग की गई। शिकायत पर थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1061/2026, धारा 308(2), 351(4) बीएनएस एवं धारा 66डी आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी की पहचान
जांच के दौरान सुपेला पुलिस ने साइबर सेल की मदद से संबंधित व्हाट्सएप नंबर, ई-मेल आईडी, इंस्टाग्राम/फेसबुक अकाउंट एवं आईपी संबंधी तकनीकी जानकारी जुटाने के लिए संबंधित कंपनियों से विधिवत पत्राचार किया। प्राप्त तकनीकी जानकारी एवं सीडीआर के आधार पर संबंधित मोबाइल नंबर और उसके उपयोगकर्ता की पहचान की गई। पुलिस टीम ने 17 अगस्त 2026 को आरोपी के निवास पर पहुंचकर धारा 35 बीएनएसएस का नोटिस दिया।
नोटिस के परिपालन में आरोपी 19 अगस्त 2026 को थाना सुपेला उपस्थित हुआ। पूछताछ, मेमोरेंडम कथन एवं उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में उसकी संलिप्तता पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त iPhone 16 मोबाइल फोन जब्त किया गया।
ऐसे करता था वसूली का प्रयास
पुलिस के अनुसार आरोपी ने सोशल मीडिया न्यूज पेज को निशाना बनाकर पहले फर्जी कॉपीराइट स्ट्राइक भेजीं। इसके बाद पेज बंद होने की आशंका उत्पन्न कर संचालक को डराया गया और कॉपीराइट स्ट्राइक हटाने के नाम पर रकम की मांग की गई। तकनीकी जांच के जरिए पुलिस आरोपी तक पहुंची।
Read more:- टायरों में छिपाकर 75 लाख का गांजा ले जा रहे 2 तस्कर गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी:
अनीश कुमार, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम उसरी चकिया, थाना महेन्द्रीया, जिला अरवल, बिहार; हाल पता आईओएस तथावडे, थाना वाकड, जिला पुणे, महाराष्ट्र।
जब्त सामग्री:
iPhone 16 मोबाइल फोन — 01 नग
प्रकरण में अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका के संबंध में विवेचना जारी है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना सुपेला प्रभारी एस.एन. सिंह, उप निरीक्षक पारस सिंह, प्रधान आरक्षक अमर सिंह एवं आरक्षक रवि साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया अकाउंट, ई-मेल अथवा किसी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कॉपीराइट, अकाउंट बंद होने या अन्य तकनीकी समस्या के नाम पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा धनराशि की मांग किए जाने पर भुगतान न करें। ऐसे मामलों में संबंधित प्लेटफॉर्म की आधिकारिक प्रक्रिया का उपयोग करें और साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देकर जांच में सहयोग करें।
