रायपुर। थाना आमानाका क्षेत्र में कार चढ़ाकर युवक की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी भरत मंगनानी ने पुलिस के बढ़ते दबाव के चलते बुधवार को न्यायालय परिसर में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है। यह मामला 14 अगस्त 2026 को टाटीबंध गुरुद्वारा के पास सामने आया था, जहां आरोपी ने विवाद के बाद परमजीत रणगण्ही के ऊपर तेज गति से कार चढ़ा दी थी।
क्या था मामला
थाना आमानाका में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार 14 अगस्त 2026 को प्रार्थी के भांजे परमजीत रणगण्ही की शादी की बातचीत शिखा साहू से चल रही थी। उसी दिन शिखा साहू अपने दोस्त भरत मंगनानी के साथ सफेद फॉक्सवैगन कार से टाटीबंध आई थी। गुरुद्वारा के पास शिखा साहू और परमजीत की मुलाकात हुई, जहां भरत मंगनानी भी मौजूद था। बातचीत के दौरान भरत मंगनानी का परमजीत से विवाद हो गया। आरोप है कि नाराज होकर आरोपी ने हत्या की नीयत से तेज गति से कार चलाकर परमजीत के ऊपर कार चढ़ा दी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी अपनी कार लेकर मौके से फरार हो गया था। आसपास के लोगों ने घायल परमजीत को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
Read more:- चोरी के 06 नग मोटर सायकल वाहन के साथ शातिर वाहन चोर गोलू देवार गिरफ्तार
पुलिस की दबिश के बाद सरेंडर
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना आमानाका में अपराध क्रमांक 264/2026, धारा 103 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना के बाद से पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थी और तकनीकी माध्यमों से तलाश कर रही थी। पुलिस की लगातार कार्रवाई और बढ़ते दबाव के चलते आरोपी भरत मंगनानी ने 18 अगस्त 2026 को न्यायालय पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आज न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस आरोपी से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है और प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
