अंबिकापुर। सरगुजा जिले के गांधी नगर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा को कथित तौर पर गलत इरादे से घर के बजाय सुनसान इलाके में ले जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ऑटो चालक नशे की हालत में छात्रा को ट्यूशन से घर पहुंचाने के बजाय कॉलेज ग्राउंड की ओर ले जा रहा था। छात्रा के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों और ताइक्वांडो खिलाडिय़ों ने ऑटो को रोककर बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला और चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
Read more :- रायपुर में 4 साल के मासूम की नाले में गिरने से मौत हो गई
जानकारी के अनुसार 13-14 वर्षीय छात्रा देर शाम ट्यूशन खत्म होने के बाद ऑटो से अपने घर लौट रही थी। आरोप है कि ऑटो चालक ने निर्धारित रास्ते से जाने के बजाय वाहन को कॉलेज ग्राउंड की ओर मोड़ दिया। सुनसान इलाके की तरफ ऑटो जाते देख छात्रा घबरा गई और उसने शोर मचाकर मदद के लिए आवाज लगाई। छात्रा की आवाज सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय लोगों और ताइक्वांडो खिलाडिय़ों ने तत्काल ऑटो को रोक लिया। इसके बाद छात्रा को सुरक्षित ऑटो से बाहर निकाला गया। लोगों ने चालक को पकड़कर उसकी पिटाई की और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर गांधी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस चालक के नशे में होने, छात्रा को निर्धारित स्थान के बजाय दूसरे स्थान पर ले जाने और उसके इरादे समेत पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। नाबालिग से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस सभी पहलुओं को गंभीरता से जांच रही है।
