सीएचओ प्रकरण में निष्पक्ष जाँच की मांग को लेकर कल एन.एच.एम. संघ करेगा एक दिवसीय प्रदर्शन एवं घेराव

Follow Us

*जाँच तक सीएमएचओ बेमेतरा को हटाने की मांग*

बेमेतरा। बेमेतरा जिले में महिला सीएचओ कर्मचारियों के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार एवं उत्पीड़न की शिकायत पर अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के विरोध में छत्तीसगढ़ प्रदेश एन.एच.एम. कर्मचारी संघ द्वारा 18 अगस्त 2026 को प्रदेशव्यापी एक दिवसीय सामूहिक अवकाश लेकर प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान संघ द्वारा कलेक्टर, बेमेतरा के माध्यम से स्वास्थ्य मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जाँच एवं नियमानुसार कार्रवाई की मांग की जाएगी।

संघ का कहना है कि कार्यस्थल पर एन.एच.एम. कर्मचारियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार, महिला कर्मचारियों की सुरक्षा एवं गरिमा, प्रशासनिक निष्पक्षता तथा शिकायतों की निष्पक्ष जाँच सुनिश्चित करना आवश्यक है। महिला कर्मचारियों के सम्मान और अधिकारों से जुड़े इस मामले में संघ द्वारा लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाई जा रही है।

संघ ने प्रदेश के सभी एन.एच.एम. कर्मचारियों से सामूहिक अवकाश लेकर बेमेतरा जिला मुख्यालय पहुंचने का आह्वान किया है। विशेष रूप से दुर्ग संभाग के एन.एच.एम. कर्मचारियों से अधिक से अधिक संख्या में बेमेतरा पहुंचकर प्रदर्शन में सहभागी बनने की अपील की गई है। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों के एन.एच.एम. कर्मचारी अपने-अपने जिला मुख्यालयों में कलेक्टर के माध्यम से स्वास्थ्य मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर इस मांग का समर्थन करेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित मिरी ने कहा कि शासकीय कार्यस्थल पर महिला कर्मचारियों का सम्मान और गरिमा सर्वोपरि है। बेमेतरा में सीएचओ कर्मचारियों के साथ हुई घटना की शिकायत की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जाँच कर तथ्यों के आधार पर विधि एवं नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संघ किसी भी कर्मचारी के साथ अन्याय और कार्यस्थल पर दुर्व्यवहार के विरुद्ध शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाता रहेगा।

एन.एच.एम. कर्मचारी संघ की प्रमुख मांगें—

  • महिला सीएचओ कर्मचारियों की शिकायत की निष्पक्ष जाँच।
  • जाँच प्रक्रिया में प्रशासनिक निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए।
  • दोष सिद्ध होने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
  • कार्यस्थल पर महिला कर्मचारियों की सुरक्षा, सम्मान एवं गरिमा सुनिश्चित की जाए।
  • एन.एच.एम. कर्मचारियों के साथ सम्मानजनक एवं निष्पक्ष व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।
  • महिला कर्मचारियों के सम्मान में — एन.एच.एम. संघ मैदान में।”