0 केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने 15 लाख रुपये देने घोषणा की
0 वरिष्ठ समाज बंधुओं को शाल, श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर किया गया सम्मानित
रायपुर । क्षत्रिय राठौर समाज कल्याण समिति, बिलासपुर के तत्वावधान में राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर जयंती के अवसर पर ग्राम गतौरा में भव्य एवं ऐतिहासिक सामाजिक महासम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक एकता, अनुशासन, संस्कृति और युवा शक्ति का प्रभावशाली संदेश देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू थे, जबकि अध्यक्षता जिला ग्रामीण अध्यक्ष धनंजय सिंह राठौर ने की। इस अवसर पर विधायक सर्वधर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, दिलीप लहरिया, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी सहित समाज के कई प्रमुख पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। धनंजय सिंह राठौर ने बताया कि समाजबंधुओं ने स्वप्रेरणा से सामाजिक भवन के लिए भूदान किया है और अपने संसाधनों से अनेक विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
15 लाख की लागत से बनने वाले हॉल का भूमिपूजन
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने समारोह की शुरुआत राजकिशोर नगर स्थित राष्ट्रवीर दुर्गादास स्मृति सामुदायिक भवन परिसर में भूमिपूजन के साथ हुई। उन्होंने अपनी सांसद निधि से स्वीकृत 15 लाख रुपये की लागत से बनने वाले हॉल का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमिपूजन किया। साथ ही महापौर पूजा विधानी की निधि से प्रस्तावित बाउंड्रीवॉल का भी भूमिपूजन संपन्न हुआ। केंद्रीय राज्य मंत्री साहू ने राठौर समाज द्वारा प्रदर्शित अनुशासन, एकता एवं संगठन शक्ति की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुरुषों का सफेद वस्त्र तथा महिलाओं की पीले वस्त्र में एकरूपता के साथ शामिल होना समाज की अनुशासनप्रियता और संगठन शक्ति का उत्कृष्ट उदाहरण है।
विकास कार्यों के लिए मिलीं कई बड़ी घोषणाएं
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने गतौरा के सामाजिक भवन में महिलाओं के चेंजिंग रूम हेतु 15 लाख रुपये सांसद निधि से देने, विधायक मस्तूरी दिलीप लहरिया ने जिले के 4 गांवों में 10-10 लाख रुपये (कुल 40 लाख रुपये) की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण के लिए विधायक निधि से राशि देने की घोषणा की। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने ग्राम रांक में सामुदायिक भवन हेतु 10 लाख रुपये, जनपद पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बिंझवार ने सामाजिक कार्यों हेतु 10 लाख रुपये की सम्मेलन के दौरान समाज के बुनियादी ढांचे और विकास कार्यों के लिए आर्थिक सहयोग की घोषणाएं कीं।
केंद्रीय मंत्री की अगुआई में निकली बाइक रैली
भूमिपूजन के बाद राजकिशोर नगर से ग्राम गतौरा तक विशाल बाइक रैली निकाली गई। जय राठौर और जय श्रीराम के जयघोष के बीच केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने स्वयं बाइक चलाकर युवाओं का उत्साहवर्धन किया। गतौरा पहुंचने पर रैली का भव्य स्वागत किया गया। हजारों की संख्या में युवाओं ने रैली में भाग लिया। जय-जय राठौर और जय श्रीराम के जयघोष से पूरा मार्ग गूंज उठा।
महासम्मेलन का शुभारंभ राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर एवं भगवान श्रीराम के तैलचित्र पर पूजा.अर्चना के साथ हुआ। सभी अतिथियों ने समाज को संगठित एवं अनुशासित रहने तथा युवाओं को शिक्षाए सामाजिक सेवा एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोडऩे पर जोर दिया। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री कृष्णमूर्ति बांधी ने राठौर समाज के संगठनात्मक प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज को संगठित करने के लिए वर्षों से किए जा रहे उनके प्रयासों का आज एक बड़ा सपना पूरा हुआ है। उन्होंने समाज की एकता को इसी प्रकार बनाए रखने का आह्वान किया।
डिजिटल ऐप से होगी सामाजिक जनगणना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष पवन राठौर ने कहा कि समाज को और संगठित करने के लिए जल्द ही एक डिजिटल ऐप तैयार कर सामाजिक जनगणना शुरू की जाएगी। महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष श्रीमती षष्ठी राठौर ने समाज के विकास में मातृशक्ति की सक्रिय सहभागिता पर जोर देते हुए महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे आने का आह्वान किया।
वरिष्ठजनों का सम्मान और शौर्यगाथा गीत
समारोह के दूसरे चरण में 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ समाज बंधुओं को शाल, श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, इंजीनियर नवनीत सिंह राठौर द्वारा रचित राठौर समाज के इतिहास और शौर्यगाथा पर आधारित गीत की प्रस्तुति ने माहौल में जोश भर दिया। हजारों की संख्या में पहुंचे समाजजन, अतिथियों के आभार और एकजुटता के संकल्प के साथ इस ऐतिहासिक महासम्मेलन का समापन हुआ।
कार्यक्रम में बिलासपुर जिले के विभिन्न 9 ग्रामों के अध्यक्षों, पदाधिकारियों, समाज प्रमुख, युवाओं, मातृशक्ति एवं वरिष्ठजनों सहित हजारों की संख्या में समाजबंधु, जांजगीर जिले से क्षत्रिय राठौर समाज के अध्यक्ष शिव कुमार राठौर सहित, महेश राठौर, गोवर्धन राठौर, अरविंद राठौर, रविन्द्र राठौर, अमरनाथ राठौर और आयोजन समिति के पदाधिकारीगण सहित उपस्थित रहे।
