बीरभूम और लखीसराय दुर्घटनाओं में मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री कोष से दो-दो लाख की अनुग्रह राशि

Follow Us

नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के बीरभूम और बिहार के लखीसराय में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं में मृतकों के निकटतम परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी।

पोस्ट में कहा गया है कि दुर्घटनाओं में मारे गये लोगों के परिजनों को दो-दो लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि दी जायेगी। पश्चिम बंगाल के बीरभूम ज़िले में ऐतिहासिक तारापीठ मंदिर के पास एक होटल में आज तड़के लगी भीषण आग में कम से कम छह तीर्थयात्रियों की मौत हो गई।

बिहार के लखीसराय जिले में अशोकधाम मंदिर परिसर के समीप तीसरी सोमवारी के अवसर पर सुबह भगदड़ मच जाने से सात महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गयी तथा 18 से अधिक लोग घायल हो गये।