‘वंदे मातरम्’ के अपमान के विरोध में भाजयुमो ने निकाली मशाल यात्रा

Follow Us

बीजापुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के कथित अपमान के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने बीजापुर जिला मुख्यालय में मशाल यात्रा निकाली। भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या के आह्वान और प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा एवं भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद कलेक्ट्रेट कार्यालय से मशाल यात्रा शुरू हुई, जो तहसील चौक होते हुए जिला कांग्रेस कार्यालय तक पहुंची। हाथों में मशाल और तिरंगा लेकर युवाओं ने राष्ट्रगीत के सम्मान को लेकर नारे लगाए और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।


Read more :- तारापीठ होटल में भीषण आग: 7 की मौत,सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल


जिला कांग्रेस कार्यालय के सामने पहुंचकर यात्रा प्रदर्शन में बदल गई। यहां युवाओं और नागरिकों ने सामूहिक रूप से पूर्ण ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। भाजयुमो नेताओं ने आरोप लगाया कि नई दिल्ली स्थित एआईसीसी मुख्यालय में 15 अगस्त को राष्ट्रगीत के साथ कथित तौर पर किए गए व्यवहार से देशवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं।

भाजयुमो नेताओं ने कहा कि राष्ट्रगीत और मातृभूमि के सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम में भाजपा एवं विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। आयोजकों के अनुसार मशाल यात्रा शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से संपन्न हुई तथा राष्ट्रीय ध्वज एवं राष्ट्रगीत के सम्मान का विशेष ध्यान रखा गया।