एम्स के सामने कार बनी मौत का हथियार, विवाद के बाद युवक को कुचलकर हत्या,आरोपी फरार

Follow Us

रायपुर।  रायपुर में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात ने लोगों को स्तब्ध कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले कार से टक्कर मारी गई, फिर युवक कार की छत पर चढ़ गया, लेकिन आरोपी ने वाहन नहीं रोका। कुछ दूर तक तेज रफ्तार में ले जाने के बाद युवक के गिरते ही उसके ऊपर कार चढ़ा दी गई।

आमानाका थाना पुलिस के अनुसार 14 अगस्त 2026 को टाटीबंध स्थित सेक्टर-04, उदया सोसायटी निवासी 34 वर्षीय परमप्रीत सिंह का दुर्ग निवासी भरत मंगनानी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद के दौरान एम्स रायपुर के सामने आरोपी ने अपनी कार से परमप्रीत सिंह को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद जान बचाने की कोशिश में परमप्रीत सिंह कार की छत पर चढ़ गया, लेकिन आरोपी ने वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार से उसे कुछ दूरी तक ले गया।


Read more:- ‘पानी की एक-एक बूंद हमारी रेड लाइन’: सिंधु जल समझौते पर बोले शहबाज शरीफ


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ दूरी पर परमप्रीत सिंह कार से नीचे गिर गया। आरोप है कि इसके बाद भरत मंगनानी ने उसी कार को उसके ऊपर चढ़ा दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही आमानाका थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची, साक्ष्य एकत्र किए और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया हत्या का मामला मानते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।


Read more:-संकट की घड़ी में मददगार बने 14 नागरिकों का जांजगीर-चांपा पुलिस ने किया सम्मान


फिलहाल, आरोपी भरत मंगनानी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की हर पहलू से जांच जारी है तथा आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।