नयी दिल्ली। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सिंधु जल समझौते को लेकर भारत पर निशाना साधते हुए कहा है कि पाकिस्तान के हिस्से के पानी की सुरक्षा देश के लिए बेहद संवेदनशील है और पानी की एक-एक बूंद उनके लिए ‘रेड लाइन’ के समान है।
पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर इस्लामाबाद में आयोजित एक कार्यक्रम ‘यादगार-ए-फतह’ समारोह के दौरान उन्होंने भारत के सिंधु जल समझौते को स्थगित रखने के फैसले की आलोचना की और चेतावनी देते हुए कहा कि अगर भारत ने अपने इस पर पुनर्विचार नहीं किया और पानी के बहाव पर असर डालने की कोशिश की तो पाकिस्तान की ओर से इसका ‘सीधा जवाब’ दिया जाएगा।उन्होंने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान जल संसाधनों के मामले में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा।
Read more:- अटलांटिक की लहरों को चीर पोंटा डेलगाडा पहुंचा आईएनएस सुदर्शिनी
इस भाषण के कुछ अंश सोशल मीडिया पर भी जारी किए गए हैं। इनके अनुसार पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका देश क्षेत्र में शांति और स्थिरता का समर्थक है, लेकिन उनकी इस शांतिप्रिय नीति को किसी भी स्थिति में कमजोरी न समझा जाए। उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान की संप्रभुता और सुरक्षा को चुनौती दी गई, तो इसका करारा जवाब दिया जाएगा। भाषण के दौरान उन्होंने अपनी रक्षा नीतियों और सहयोगी देशों के साथ द्विपक्षीय संबंधों का भी उल्लेख किया।
उल्लेखनीय है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए 1960 के सिंधु जल समझौते को स्थगित रखने का फैसला लिया था।
पाकिस्तान अपना स्वतंत्रता दिवस 14 अगस्त को मनाता है।
