नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश और बाढ़ से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। शनिवार को कुछ इलाकों में बारिश की तीव्रता कम हुई, लेकिन कई राज्यों में हालात अब भी गंभीर बने हुए हैं। असम में बाढ़ से मरने वालों का आंकड़ा 100 के पार पहुंच गया है, जबकि हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण 153 सड़कें बंद हैं। केरल में भी सैकड़ों लोग राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं।
असम में 1.55 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित
असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। राज्य में 1.55 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। पूर्वी असम के चार जिले सबसे ज्यादा प्रभावित बताए जा रहे हैं। सरकार रविवार से बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन शुरू करेगी। बाढ़ के कारण कई इलाकों में सामान्य जनजीवन प्रभावित है।
हिमाचल में 153 सड़कें बंद
हिमाचल प्रदेश में मूसलाधार बारिश के चलते 153 सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। कई क्षेत्रों में बिजली और पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। 30 जून से शुरू हुए मानसून के बाद राज्य में बारिश से संबंधित घटनाओं में 65 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 14 मौतें भूस्खलन के कारण हुई हैं। अधिकारियों के मुताबिक बारिश और प्राकृतिक आपदाओं से राज्य को अब तक करीब 834 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। खराब मौसम के चलते जम्मू से अमरनाथ यात्रा भी शनिवार को निलंबित कर दी गई।
केरल में राहत शिविरों में रह रहे लोग
केरल में भी बारिश का दौर जारी है। कई इलाकों में बाढ़ का पानी धीरे-धीरे कम हो रहा है, लेकिन अलप्पुझा और कोट्टायम समेत कई जिलों में अभी भी हालात सामान्य नहीं हुए हैं। सैकड़ों लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं क्योंकि कई घरों में पानी भरा हुआ है और सड़कें क्षतिग्रस्त हैं।
नगालैंड और राजस्थान में भी बारिश का असर
नगालैंड के दीमापुर जिले के निचले इलाकों में भारी बारिश के बाद बाढ़ की स्थिति बन गई। इससे जनजीवन प्रभावित हुआ है और एक छात्रा की मौत की भी खबर है। वहीं राजस्थान के कई हिस्सों में भी मानसून सक्रिय रहने के कारण भारी बारिश दर्ज की गई है।
कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। जम्मू-कश्मीर में 9 से 11 अगस्त के बीच जम्मू डिवीजन के कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। ओडिशा में बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से अगले पांच दिनों तक भारी बारिश की संभावना है। वहीं हिमाचल प्रदेश में सोमवार और मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
