मुंबई। प्राइम वीडियो के रियलिटी शो ‘अलायंस’ के खत्म होने के बाद इसकी सक्सेस पार्टी का आयोजन किया गया, जिसमें शो की पूरी टीम के साथ बॉलीवुड के कई सितारे भी नजर आए। शनिवार शाम सोहेल खान ने अपने घर पर इस खास पार्टी की मेजबानी की। शो की विजेता मिनी माथुर समेत कई कंटेस्टेंट्स और टीम मेंबर्स ने पार्टी में शिरकत की। शो को होस्ट करने वाले कुणाल खेमू ने रविवार को सोशल मीडिया पर पार्टी की कुछ इनसाइड तस्वीरें साझा कीं, जिनमें पूरी टीम मस्ती और सेलिब्रेशन के मूड में नजर आ रही है। तस्वीरों के साथ कुणाल ने शो का हिस्सा बनने पर खुशी जताई और इसे सफल बनाने वाली पूरी टीम का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने क्रिएटिव टीम से लेकर सेट डिजाइन और चैलेंज तैयार करने वाली टीम तक सभी के योगदान की तारीफ की।
पार्टी की तस्वीरों में कई जाने-पहचाने चेहरे नजर आए, लेकिन सलमान खान ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा। ‘दबंग खान’ खास अंदाज में पार्टी में पहुंचे और गोल टोपी में उनका लुक सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। शो का हिस्सा रहे कुशाल टंडन भी सेलिब्रेशन में शामिल हुए और उन्होंने अपनी तस्वीरों के जरिए पार्टी की झलकियां फैंस के साथ शेयर कीं। उनकी पोस्ट में सलमान खान भी नजर आए। पार्टी में सुजैन खान अपने बॉयफ्रेंड अर्सलान गोनी के साथ पहुंचीं। ‘अलायंस’ की इस सक्सेस पार्टी में जिस तरह शो की टीम और बॉलीवुड के सितारे एक साथ नजर आए, उससे शाम का माहौल खास बन गया। अब पार्टी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
