रायपुर। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। रायपुर के लाइवलीहुड कॉलेज जोरा में बुधवार को रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस रोजगार मेले में कुल 137 पदों पर भर्ती की जाएगी। खास बात यह है कि इसमें 10वीं पास से लेकर इंजीनियरिंग और नर्सिंग योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भी शामिल हो सकेंगे। रोजगार मेले में कई प्रतिष्ठित कंपनियां हिस्सा लेंगी। इसमें 10वीं, 12वीं पास, स्नातक, स्नातकोत्तर, आईटीआई, डीजल मैकेनिक, ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर एप्लीकेशन, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, केमिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिशियन, वेल्डिंग, फिटर और नर्सिंग योग्यता वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल पर पहले से पंजीयन और ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा। चयन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को अपने जरूरी दस्तावेज साथ लेकर पहुंचना होगा। अभ्यर्थियों को मूल एवं छायाप्रति शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, रोजगार पंजीयन कार्ड, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और बायोडाटा साथ लाना होगा। इसके अलावा जिला रोजगार कार्यालय बलौदाबाजार की ओर से भी बुधवार को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यहां विभिन्न निजी कंपनियों द्वारा कुल 194 पदों पर भर्ती की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक रोजगार मेले में शामिल हो सकते हैं। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र ने बताया कि रोजगार मेले में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्यालयीन समय में 0771-4044081 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
