मुंबई। बॉलीवुड और साउथ फिल्मों में अपनी दमदार अदाकारी से पहचान बनाने वाले मशहूर अभिनेता प्रदीप रावत का निधन हो गया है। वह 74 वर्ष के थे। ‘लगान’ और ‘गजनी’ जैसी फिल्मों में अपने यादगार किरदारों से उन्होंने दर्शकों के बीच खास जगह बनाई थी। अभिनेता प्रदीप रावत के निधन की जानकारी उनके सह-कलाकार यशपाल शर्मा ने सोशल मीडिया के जरिए साझा की। बताया जा रहा है कि प्रदीप रावत लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। उनका इलाज पहले कोकिलाबेन अस्पताल में चल रहा था, जिसके बाद उन्हें दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
प्रदीप रावत ने सिर्फ बॉलीवुड ही नहीं, बल्कि साउथ फिल्म इंडस्ट्री में भी कई बेहतरीन भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत बीआर चोपड़ा के लोकप्रिय टीवी धारावाहिक ‘महाभारत’ से की थी, जिसमें उन्होंने अश्वत्थामा का किरदार निभाकर पहचान बनाई। फिल्म ‘लगान’ में उनके साथ काम कर चुके अभिनेता यशपाल शर्मा ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा, “हमारा ‘गजनी’, ‘लगान’ का देवा प्रदीप रावत अब नहीं रहा। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।” प्रदीप रावत के निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। उनके प्रशंसक और कलाकार सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
