मुंबई। ओटीटी की सुपरहिट वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ अब बड़े पर्दे पर दस्तक देने के लिए तैयार है। तीन सफल सीजन के बाद मेकर्स ‘मिर्जापुर द मूवी’ लेकर आ रहे हैं। फिल्म का ट्रेलर 11 अगस्त को रिलीज किया जाएगा। इससे पहले मेकर्स ने फिल्म का पहला गाना ‘दो नंबरी’ रिलीज कर फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है। 4 अगस्त को रिलीज हुए इस गाने को मशहूर हिप-हॉप आर्टिस्ट ढांडा न्योलीवाला (प्रवीण ढांडा) ने अपनी आवाज दी है। गाने के बोल, कंपोजिशन और म्यूजिक भी उन्होंने ही तैयार किया है। दमदार बीट्स और रफ-टफ अंदाज वाला यह गाना ‘मिर्जापुर’ की दुनिया से पूरी तरह मेल खाता है और रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
गाने के वीडियो में ढांडा न्योलीवाला के साथ फिल्म के कई अहम किरदारों की झलक भी दिखाई गई है। इसमें पंकज त्रिपाठी कालीन भैया, अली फजल गुड्डू भैया और दिव्येंदु शर्मा मुन्ना भैया के दमदार अंदाज में नजर आ रहे हैं। वहीं शुभ्रज्योति बारट भी रति शंकर शुक्ला के किरदार में दिखाई देते हैं। फिल्म में इस बार कई नए चेहरे भी शामिल किए गए हैं। अभिनेता रवि किशन पहली बार ‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी का हिस्सा बने हैं। वहीं ‘पंचायत’ फेम जितेंद्र कुमार बबलू पंडित की भूमिका निभाएंगे। इस किरदार को पहले वेब सीरीज में विक्रांत मैसी ने निभाया था। इसके अलावा सोनल चौहान की भी फिल्म में एंट्री हुई है, जिससे कहानी में नए मोड़ की उम्मीद की जा रही है।
इससे पहले 25 जून को फिल्म का टीजर रिलीज किया गया था, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया। अब 11 अगस्त को रिलीज होने वाले ट्रेलर का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। ‘मिर्जापुर द मूवी’ 4 सितंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वेब सीरीज के तीनों सीजन को मिली शानदार सफलता के बाद अब दर्शकों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या फिल्म भी बड़े पर्दे पर वही लोकप्रियता और सफलता दोहरा पाएगी।
