सफल ऑर्थोपेडिक सर्जरी के बाद किरण सिंह देव के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार, जल्द लौटेंगे छत्तीसगढ़

Follow Us

रायपुर/नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। सोमवार को नई दिल्ली स्थित मेदांता अस्पताल में उनकी सफल ऑर्थोपेडिक सर्जरी की गई। वे बागेश्वर धाम से छत्तीसगढ़ लौटते समय झांसी के पास हुई सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि विख्यात अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अतीक वसदेव और उनकी मेडिकल टीम ने एक घंटे से अधिक समय तक चली सर्जरी को सफलतापूर्वक पूरा किया। इस दौरान एसिटाबुलम फ्रैक्चर की रिपेयर सर्जरी की गई।

उन्होंने बताया कि ऑपरेशन के बाद किरण सिंह देव की स्थिति पूरी तरह सुरक्षित है और उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। चिकित्सकों ने उन्हें कुछ दिनों के अनिवार्य विश्राम की सलाह दी है। पूर्ण रूप से स्वस्थ होने के बाद वे जल्द ही छत्तीसगढ़ लौटेंगे और अपनी नियमित दिनचर्या के साथ संगठन के आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करते हुए कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन एवं संगठनात्मक जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।