कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत जीतने वाली ज्ञानेश्वरी यादव को बड़ा सम्मान, CM साय ने डीएसपी पदोन्नति और 30 लाख रुपये का किया ऐलान

Follow Us

रायपुर। राष्ट्रमंडल खेल 2026 (Commonwealth Games 2026) में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली राजनांदगांव की खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव का मुख्यमंत्री निवास में सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनकी उपलब्धि पर उन्हें 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव ने अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक जीतते हुए प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बावजूद ज्ञानेश्वरी ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की है। उनकी उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को अपनी इस बेटी पर गर्व है। इसी सम्मान के तहत उन्हें आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नत करने और 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का निर्णय लिया गया है, ताकि अन्य खिलाड़ियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिल सके।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्लासगो रवाना होने से पहले भी उन्होंने ज्ञानेश्वरी से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दी थीं और रजत पदक जीतने के बाद वीडियो कॉल के माध्यम से भी बधाई दी थी। मुख्यमंत्री निवास में उनका स्वागत करते हुए उन्होंने इसे पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण बताया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल अधोसंरचना, कोचिंग और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता दिलाना है।