सावन के पहले सोमवार पर महाकाल का दिव्य श्रृंगार, भस्म आरती में उमड़ा भक्तों का सैलाब

Follow Us

उज्जैन। सावन के पवित्र महीने के पहले सोमवार पर उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। तड़के ढाई बजे मंदिर के कपाट खुलते ही पूरा परिसर “जय महाकाल” के जयकारों से गूंज उठा। हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल होकर दिव्य दर्शन किए। मंदिर के पट खुलने के बाद बाबा महाकाल का जल, दूध, दही और फलों के रस से पंचामृत अभिषेक किया गया।

इसके बाद बाबा का भांग और सूखे मेवों से विशेष श्रृंगार किया गया, जिसने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से बाबा को भस्म अर्पित की गई और विधि-विधान से महाआरती संपन्न हुई। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति और प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं की थीं। जिन भक्तों को अग्रिम बुकिंग नहीं मिल सकी, उनके लिए ‘चलित भस्म आरती’ दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई गई, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर सकें।

प्रशासन के अनुसार, रविवार को करीब 4 लाख 19 हजार श्रद्धालुओं ने महाकाल के दर्शन किए, जबकि पहले सोमवार को 5 लाख से अधिक भक्तों के पहुंचने की संभावना जताई गई। जिला कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और श्रद्धालुओं से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की। सावन के पहले सोमवार पर बाबा महाकाल की विशेष पूजा और भव्य श्रृंगार को लेकर भक्तों में जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। देशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने इसे जीवन का यादगार आध्यात्मिक अनुभव बताया।