नई दिल्ली। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के सरकारी आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब एक युवक ने कथित रूप से उन पर चप्पल फेंक दी। घटना के बाद मौके पर मौजूद समर्थकों ने युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
जानकारी के मुताबिक, पप्पू यादव अपने हालिया संसद प्रदर्शन को लेकर मीडिया से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनसे सवाल-जवाब शुरू किए, जो बाद में बहस में बदल गए। देखते ही देखते नारेबाजी और विरोध बढ़ गया, जिसके बाद दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की होने लगी।
हंगामा बढ़ने पर प्रेस कॉन्फ्रेंस स्थल पर कुर्सियां तक फेंकी जाने लगीं। इसी बीच एक युवक ने कथित तौर पर पप्पू यादव की ओर चप्पल उछाल दी। घटना के तुरंत बाद उनके समर्थकों ने युवक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया।
घटना के बाद पप्पू यादव ने इसे गंभीर मामला बताते हुए आरोप लगाया कि, यह उनके खिलाफ हत्या की साजिश का हिस्सा था। उन्होंने दावा किया कि, हमलावर ने उन्हें धमकी दी और उसके पास चाकू भी था। हालांकि, पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता स्पष्ट होगी। गौरतलब है कि, पप्पू यादव ने हाल ही में संसद परिसर में गेरुआ वस्त्र पहनकर राम मंदिर चंदा विवाद को लेकर प्रदर्शन किया था, जिसके बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया था। इसी मुद्दे पर सफाई देने के लिए उन्होंने यह प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई थी।
