सहरसा। बिहार के सहरसा जिले में सोमवार तड़के एक पैसेंजर ट्रेन के कोच में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर हुई, जहां समस्तीपुर-सहरसा पैसेंजर ट्रेन (63344) के इंजन से जुड़े एक कोच में आग भड़क उठी। घटना के समय ट्रेन में यात्री मौजूद थे, लेकिन समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।
हालांकि आग इतनी तेज थी कि, प्रभावित कोच पूरी तरह जलकर खाक हो गया। जानकारी के मुताबिक, आग लगने की घटना सुबह करीब 3 बजे हुई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल विभाग ने फोम टेंडर और वाटर टेंडर की मदद से आग बुझाई।
असिस्टेंट फायर ऑफिसर निरंजन कुमार ने बताया कि, सूचना मिलते ही टीम को घटनास्थल पर भेजा गया था। फिलहाल आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है और किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि, आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। एक यात्री के अनुसार, आग लगने के बाद यात्रियों को करीब दो घंटे तक स्टेशन पर रुकना पड़ा, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
