आईआरसीटीसी टूर पैकेज: एक ही यात्रा में देखें ताजमहल से स्वर्ण मंदिर तक, फैमिली के लिए शानदार मौका

Follow Us

नई दिल्ली। अगर आप परिवार के साथ ऐतिहासिक और खूबसूरत जगहों की यात्रा का प्लान बना रहे हैं, तो IRCTC का नया टूर पैकेज आपके लिए खास हो सकता है। “नेशनल हेरिटेज ऑफ नॉर्थ इंडिया” नाम से शुरू किए गए इस एयर टूर पैकेज में उत्तर भारत के कई प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों की सैर कराई जाएगी। इस 7 दिन और 6 रात के सफर में पर्यटकों को अमृतसर, आगरा, दिल्ली, चंडीगढ़ और मथुरा जैसे प्रमुख शहरों को घूमने का मौका मिलेगा।

यात्रा के दौरान अमृतसर में स्वर्ण मंदिर और जलियांवाला बाग, वहीं आगरा में दुनिया के सात अजूबों में शामिल ताजमहल देखने का अवसर मिलेगा। यह खास टूर पैकेज 10 अक्टूबर 2026 से शुरू होगा और इसकी शुरुआत हैदराबाद से की जाएगी। IRCTC ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसमें फ्लाइट टिकट, होटल में ठहरने, स्थानीय यात्रा के लिए बस, भोजन, टूर गाइड और यात्रा बीमा जैसी सुविधाएं शामिल की हैं।

इस पैकेज की शुरुआती कीमत 42,200 रुपये प्रति व्यक्ति रखी गई है। परिवार या दोस्तों के साथ यात्रा करने वालों के लिए भुगतान को आसान बनाने के लिए किस्तों में पेमेंट की सुविधा भी उपलब्ध है। आईआरसीटीसी का यह पैकेज उन लोगों के लिए बेहतर विकल्प हो सकता है, जो कम समय में उत्तर भारत की संस्कृति, इतिहास और धार्मिक स्थलों का अनुभव लेना चाहते हैं। बुकिंग के लिए यात्री आईआरसीटीसी पर्यटन(Tourism) की आधिकारिक वेबसाइट पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।