ओटीटी पर छाया ‘आदर्श बाल विद्यालय’, केके मेनन की सीरीज ने पहले हफ्ते में हासिल किए 45 लाख व्यूज

Follow Us

मुंबई। ओटीटी की दुनिया में साल 2026 में कंटेंट को लेकर जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। इसी बीच केके मेनन और अर्चना पूरन सिंह स्टारर वेब सीरीज ‘आदर्श बाल विद्यालय’ ने रिलीज होते ही दर्शकों के बीच अपनी खास जगह बना ली है। प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रही इस सीरीज को पहले ही हफ्ते में शानदार रिस्पॉन्स मिला है। रिपोर्ट के अनुसार, सीरीज ने अपने डेब्यू वीक में करीब 45 लाख व्यूज हासिल किए हैं। इसके साथ ही यह 2026 में किसी नॉन-नेटफ्लिक्स प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई सबसे बड़ी डेब्यू व्यूअरशिप वाली सीरीज बन गई है।

20 से 26 जुलाई 2026 के बीच यह भारत में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली वेब सीरीज रही। सीरीज की कहानी एक गांव के सरकारी स्कूल और वहां की चुनौतियों के इर्द-गिर्द घूमती है। स्कूल के हेडमास्टर ज्ञानेश्वर त्रिपाठी बच्चों की शरारतों और पढ़ाई के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करते नजर आते हैं। संसाधनों की कमी के बावजूद वे छात्रों का भविष्य बेहतर बनाने के लिए मेहनत करते हैं। इस सीरीज में केके मेनन, अर्चना पूरन सिंह, नवीन कस्तूरिया, अभिमन्यु सिंह और देवेन भोजानी जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं। कहानी अक्षय अस्थाना और बिस्वपति सरकार ने लिखी है, जबकि निर्देशन हिमांक गौर ने किया है।