चलती बस के नीचे धंसा पुल का स्लैब, बाल-बाल बची यात्रियों की जान; पेंड्रा मार्ग बंद

Follow Us

बिलासपुर। बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा मार्ग पर बांसाझाल के पास जर्जर पुल का स्लैब अचानक ढह जाने से बड़ा हादसा टल गया। हादसे के समय पुल से यात्रियों से भरी बस गुजर रही थी, जो पुल के बीचों-बीच फंस गई। गनीमत रही कि बस नदी में नहीं गिरी और चालक की सूझबूझ से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस जैसे ही पुल के मध्य हिस्से में पहुंची, अचानक तेज आवाज के साथ पुल का स्लैब नीचे धंस गया और पुल दो हिस्सों में टूट गया। इस दौरान बस का अगला हिस्सा टूटे हुए हिस्से के मुहाने पर अटक गया, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि समय रहते यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया।

पुल टूटने के बाद बिलासपुर-पेंड्रा मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। इस मार्ग के बंद होने से पेंड्रा, गौरेला, अमरकंटक के साथ मध्यप्रदेश के जबलपुर और छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ क्षेत्र का संपर्क प्रभावित हुआ है। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और यात्री बसों समेत मालवाहक वाहन भी फंस गए हैं।प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही है। जर्जर पुल की मरम्मत और वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।