रायपुर। भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश स्तरीय सहयोग केंद्र सोमवार 3 अगस्त से एक बार फिर शुरू होने जा रहा है। राजधानी रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित इस पहल के तहत राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री लगातार पांच दिनों तक कार्यकर्ताओं और आम लोगों की समस्याएं सुनेंगे तथा उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों से समन्वय करेंगे।
सहयोग केंद्र के प्रभारी सच्चिदानंद उपासने ने बताया कि 3 से 7 अगस्त तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से 5 बजे के बीच मंत्री प्रदेशभर से आने वाले लोगों से मुलाकात करेंगे। सुनवाई में शामिल होने के लिए इच्छुक लोगों को दोपहर 2 बजे से 3 बजे के बीच प्रदेश कार्यालय पहुंचकर पंजीयन कराना होगा। पंजीकरण के बाद टोकन जारी किए जाएंगे और उसी के आधार पर क्रमवार सुनवाई होगी।
कार्यक्रम के अनुसार, 3 अगस्त को मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, 4 अगस्त को स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, 5 अगस्त को शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, 6 अगस्त को राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा और 7 अगस्त को कृषि मंत्री रामविचार नेताम सहयोग केंद्र में उपस्थित रहेंगे। भाजपा का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके निराकरण की प्रक्रिया को तेज करना है।
